Lok Sabha Election 2024: दुमका में सीता सोरेन के खिलाफ नलिन सोरेन JMM उम्मीदवार, गिरिडीह से मथुरा महतो

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
2k Views
2 Min Read
लोकसभा चुनाव जेल से नहीं लडेंगे हेमंत सोरेन

Jharkhand: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने राज्य की दो लोकसभा सीट दुमका और गिरिडीह के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। दुमका सीट पर नलिन सोरेन को और गिरिडीह में मथुरा महतो को प्रत्याशी बनाया गया है।

इसकी घोषणा पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय की ओर से जारी पत्र में की गई है। दुमका से नलिन सोरेन की उम्मीदवारी की घोषणा के साथ यह तय हो गया है कि जेल में बंद पूर्व सीएम हेमंत सोरेन चुनाव नहीं लड़ेंगे। भाजपा की ओर से इस सीट पर सीता सोरेन की उम्मीदवारी घोषित करने के बाद यह कयास लगाया जा रहा था कि उनके मुकाबले में खुद हेमंत सोरेन मैदान में उतरेंगे।

बता दें कि उम्मीदवार बनाए गए नलिन सोरेन दुमका जिले की शिकारीपाड़ा सीट के विधायक हैं। वह इस विधानसभा सीट से लगातार सात बार चुने गए हैं। वहीं, गिरिडीह सीट पर प्रत्याशी बनाए गए मथुरा महतो टुंडी क्षेत्र के विधायक हैं। वह राज्य की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला भाजपा की सहयोगी आजसू पार्टी के प्रत्याशी और मौजूदा सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी से होगा।

पांचवी लिस्ट में भारतीय जनता पार्टी ने दुमका से दी थी सीता सोरेन को टिकट

बीजेपी ने जब 24 मार्च को उम्मीदवारों की अपनी पांचवीं लिस्ट जारी की थी, तो इसमें सीता सोरेन का भी नाम शामिल था। बीजेपी ने उनकी उम्मीदवारी दुमका से तय की थी। हेमंत सोरेन की गिरफ़्तारी के बाद सीता सोरेन ने बगावती सुर अख्तियार कर लिया था। उन्होंने हाल ही में भाजपा का दामन थामा है।

Share This Article