रील्स बनाने में 4 दोस्तों की गई जान, गंगा दशहरे पर नदी में नहाने गए थे

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
492 Views
4 Min Read

भोजपुर में रविवार को चार दोस्त गंगा नदी में डूब गए। सभी गंगा दशहरे पर नदी में नहाने के लिए गए थे। सभी रील्स बना रहे थे। इस दौरान सभी गहरे पानी में चले गए। बताया जा रहा है कि पहले एक युवक डूब गया। उसे बचाने में एक के बाद एक और तीन युवक भी डूब गए। चारों को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम लगातार खोज रही है।

घटना की सूचना के बाद एसडीएम, एसडीपीओ जगदीशपुर और सांसद सुदामा प्रसाद भी मौके पर मौजूद हैं। घटना यूपी के बलिया के बैरिया अनुमंडल डोकटी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर गंगा घाट की है। डूबने वालों में बिहिया थाना क्षेत्र के बारा खरौनी गांव के निवासी जवाहर गोंड का बेटा राम जी गोंड(18), स्व. लाल बाबू शर्मा का बेटा निशु शर्मा(18), रामा शंकर यादव का बेटा दीपू कुमार(21) और विदेशी यादव का बेटा सोनू कुमार यादव(18) है। सभी आपस में दोस्त हैं। इनमें निशु अपने घर का इकलौता बेटा है।

रामजी गोंड के पिता ने बताया कि घर के लोग शिवपुर गंगा घाट पर नहाने के लिए आए हुए थे। कुछ लोग गंगा स्नान करके घर वापस चले गए थे, लेकिन राम जी अपने दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहा रहा था। मेरे बेटे समेत चार लोग गंगा नदी में एक-एक कर डूब गए। 5वां लड़का सुरेश यादव ने पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी।

वहीं, चश्मदीद सुरेश यादव ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे गंगा दशहरा को लेकर गंगा नदी नहाने के दौरान चार लोग उसमें डूब गए हैं। सभी की तलाश की जा रही है। नदी में नहाने के दौरान सभी वीडियो, फोटो और रील्स बना रहे थे। उसी दौरान हादसा हुआ। जहां घटना घटी है, वहां नदी में गहरा पानी था। इसकी वजह से एक-एक कर सब गंगा में समा गए।

जगदीशपुर एसडीएम संजीत कुमार ने बताया कि SDRF की टीम सुबह से ही मौके पर मौजूद थी। लेकिन गंगा घाट पर अधिक भीड़ थी। एसडीआरएफ की टीम को जैसे ही सूचना मिली। उन्होंने बचाव कार्य शुरू कर दिया। गहरे पानी में जाने से चार युवक अभी तक लापता हैं। एनडीआरफ और गोताखोरों को बुलाया गया है। लगातार हमारी टीम लापता युवकों की खोजबीन कर रही। अगर शव मिलता है तो मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा।

आरा लोकसभा के नवनिर्वाचित सांसद सुदामा प्रसाद शिवपुर गंगा घाट पहुंचे। लापता युवकों के परिजनों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बारा खरौनी गांव के रहने वाले चार युवक गंगा दशहरा को लेकर शिवपुर घाट पर नहाने के लिए आए थे। नहाने के दौरान एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में डूब गए। इस दुख की घड़ी में हम लोग परिवार वालों के साथ हैं। केंद्र सरकार से हमारी मांग है कि पर्व त्योहार के मौके पर बड़ी नदियां में भीड़ होती है। वैसी नदियों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हो, साथ ही मृतक के परिवार वालों को बीस–बीस लाख रुपए का मुआवजा मिले।

Share This Article