बिहार के कई जिलों में हुई प्री मानसून की बारिश, 19 डिस्ट्रिक्ट में अलर्ट जारी

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
659 Views
3 Min Read

बिहार में कई दिनों से गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली है। पटना, मोतिहारी, जहानाबाद, बक्सर, जमुई, भोजपुर में गुरुवार की अहले सुबह प्री मानसून की बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज किशनगंज, अररिया, सुपौल और मधुबनी में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही आज बिहार के 13 जिलों में हॉट डे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। बुधवार को सुपौल में कोसी बराज के 16 फाटक खोल दिए गए हैं। इसकी वजह से कोसी नदी के किनारे 900 एकड़ में लगी फसल डूब चुकी है। मौसम विभाग की ओर से 13 जिलों में गर्म दिन रहने की संभावना जताई है। इसको लेकर विभाग की तरफ से यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बारिश किशनगंज के ठाकुरगंज में हुई। यहां 201.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही अररिया, रोहतास, सुपौल में भी बारिश हुई।

बुधवार को एक बार फिर से औरंगाबाद जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

बिहार में मानसून अब लेट होने की स्थिति में है। अगर आज बिहार में मानसून का प्रवेश नहीं होता है तो यह अपने निर्धारित समय यानी 20 जून से लेट हो जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून पिछले 18 दिनों से पश्चिम बंगाल और बिहार की सीमा पर इस्लामपुर पर अटका हुआ है। मानसून के अनुकूल परिस्थितियों बन रही हैं, लेकिन फिर हवा में बदलाव हो जाने के कारण यह रुक जा रहा है।

हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के प्रसार की परिस्थितियां अब तेजी से तैयार होने लगी हैं। इसके मुताबिक 21 से 22 जून तक बिहार में किशनगंज और पूर्णिया के रास्ते मानसून की दस्तक हो सकती है।

Share This Article