पुष्पम प्रिया चौधरी की गाड़ी पर तोड़फोड़ करने वाला गिरफ्तार, झारखंड से जुड़े हैं तार

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
445 Views
2 Min Read

द प्लुरल्स पार्टी की प्रमुख पुष्पम प्रिया चौधरी की गाड़ी पर हमला करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम गौरव आनंद है। वह पटना के लोहिया नगर का रहने वाला है। वह झारखंड के बोकारो स्थित एक कंपनी में काम करता था। उसने पुष्पम प्रिया चौधरी को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

जानकारी के मुताबिक 12 जून की सुबह पटना के एसकेपुरी पार्क स्थित द प्लुरल्स पार्टी के दफ्तर के बाहर खड़ी पुष्पम प्रिया चौधरी की कार में तोड़फोड़ की गई थी। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई। इस मामले में एसकेपुरी थाने में केस दर्ज किया गया था। हालांकि, आरोपी की पहचान नहीं होने से पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही थी।

इसी बीच एक शख्स सोशल मीडिया पर पुष्पम प्रिया को अपशब्द करने के साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। पुलिस ने इस बारे में छानबीन की। इसके बाद धमकी देने वाले गौरव आनंद को उसके लोहिया नगर स्थित घर से बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया गया।

गौरव ने पूछताछ में पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने ही पुष्पम प्रिया की गाड़ी में तोड़फोड़ की थी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। गौरव बीते चार महीने से पटना में रह रहा है। इससे पहले वह बोकारो में एक निजी कंपनी में काम करता था। उसने पुष्पम प्रिया की गाड़ी पर हमला क्यों किया, इस बात की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Share This Article