बिहार में मानसून ने मारी एंट्री, 5 जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
595 Views
2 Min Read

बिहार में गुरुवार को पूर्णिया और किशनगंज के रास्ते मानसून की एंट्री हो गई है। अगले 2 से 4 दिनों में पूरे प्रदेश में इसका असर दिखने लगेगा। हालांकि, मानसून की एंट्री निर्धारित समय से 4 दिन की देरी से हुई है। राजधानी पटना समेत आरा में शुक्रवार की सुबह 6 बजे झमाझम बारिश हुई।

मौसम विभाग ने आज बिहार के 5 जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें मधुबनी, सीतामढ़ी, सारण, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण शामिल है। इसके अलावा पटना, नालंदा, गया, औरंगाबाद, बेगूसराय, शेखपुरा, रोहतास, बक्सर, कैमूर, भागलपुर, किशनगंज, पूर्णिया, मुंगेर, बांका समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा में हल्की बारिश की संभावना जताई है। कटिहार, समस्तीपुर और खगड़िया में अगले 3 घंटे के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

शुक्रवार की सुबह दरभंगा, सुपौल, मधेपुरा, मधुबनी में बारिश हुई। दरभंगा में आकाशीय बिजली गिरने से बैंक गांव में कमलेश आचार्य (60) की मौत हो गई है। इधर किशनगंज में लगातार 4 दिन से बारिश होने की वजह से टेढ़ागाछ में कनकई नदी का जलस्तर बढ़ गया है। लोग आने-जाने के लिए नाव का सहारा ले रहे हैं।

प्रदेश में मानसून की एंट्री होते ही कई जिलों में बारिश हुई। पूर्णिया, किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश हुई। इसके साथ ही पटना, मोतिहारी, जहानाबाद, बक्सर, जमुई और भोजपुर में हल्की बारिश हुई। पिछले पिछले 24 घंटे में पूर्णिया के ढेंगराघाट में सबसे ज्यादा 126.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके साथ ही सुपौल के बीरपुर में 94 एमएम और किशनगंज के बहादुरगंज में 84 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।

Share This Article