जानें लालू यादव ने मीसा भारती को छोड़ किसे बनाया संसदीय दल का नेता

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
427 Views
2 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजद सुप्रीमो लालू यादव ने बड़ा दांव खेल दिया है। माना जा रहा था कि मीसा भारती को संसदीय दल का नेता बनाया जाएगा। लेकिन लालू यादव ने अभय कुशवाहा को यह जिम्मेदारी दी है। संसदीय दल के नेता पद पर अभय कुशवाहा के चयन को राजद के आधार विस्तार का प्रयास माना जा रहा है।

सांसद अभय कुमार कुशवाहा को लोकसभा में राजद संसदीय दल का नेता बना दिया गया है। कुशवाहा औरंगाबाद के सांसद हैं। सांसद के रूप में यह उनका पहला टर्म है। वह जदयू के विधायक और युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। राजद ने जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव को लोकसभा में मुख्य सचेतक बनाया है। ये जहानाबाद से दूसरी बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं।

डॉ. फैयाज अहमद को राज्यसभा में सचेतक बनाया गया है। संसदीय दल के नेता पद पर अभय कुशवाहा के चयन को राजद के आधार विस्तार का प्रयास माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव में राजद की अगुआई वाले महागठबंधन ने कुशवाहा बिरादरी के सात लोगों को उम्मीदवार बनाया था।

राजद के अभय कुशवाहा के अलावा भाकपा माले के राजाराम सिंह की जीत हो गई। दूसरी तरफ एनडीए के बड़े नेता उपेंद्र कुशवाहा चुनाव हार गए। लोकसभा में राजद की ओर से किया गया यह प्रयोग सफल माना गया। अब अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में इसे विस्तार देने के प्रयास के रूप में ही अभय कुशवाहा के चयन को देखा जा रहा है। राजद सांसद डॉ. मीसा भारती का भी लोकसभा में पहला टर्म है।

Share This Article