रांची। झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक विस्फोटक परिवर्तन होने जा रहा है। राजधानी रांची में ‘मेडिको सिटी’ का निर्माण होगा, जिसमें 12 मल्टी स्पेशलिस्ट सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल शामिल होंगे। इस बड़ी परियोजना के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) ने ₹2800 करोड़ की वित्तीय मंजूरी दे दी है। मेडिको सिटी रिमपास (RINPAS) के पास विकसित की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस ऐतिहासिक कदम को झारखंड की स्वास्थ्य सेवा के लिए बड़ा बदलाव बताया। उन्होंने कहा, “अब झारखंड के लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर नहीं जाएंगे। हमारी पूरी कोशिश है कि प्रदेश में बेहतर सुविधा उपलब्ध हो।” उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में कई निवेशक अस्पताल खोलने शामिल हो रहे हैं, और सरकार उनकी पूरी मदद करेगी।
इस मेडिको सिटी में हृदय, किडनी, लीवर और अन्य गंभीर रोगों के लिए अत्याधुनिक इलाज की सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी। साथ ही, क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्र, फार्मेसी, नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेजों का भी विकास होगा। यह परियोजना डिजिटल हेल्थ सिस्टम, ग्रीन बिल्डिंग टेक्नोलॉजी और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर आधारित है।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि यह योजना ना केवल स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार लाएगी, बल्कि झारखंड के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी मददगार साबित होगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी ताकि काम तेजी से आगे बढ़े।
यह परियोजना राज्य के दूरदराज इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर विस्तार, मानव संसाधन विकास, और स्वास्थ्य शिक्षा में सुधार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
झारखंडवासियों के लिए यह ‘मेडिको सिटी’ उनकी सेहत और जिंदगी दोनों में नई उम्मीद लेकर आएगी।