रांची। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे देश में चलने वाले राष्ट्रीय अभियान “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” का झारखंड में जोर-शोर से आगाज़ हो गया है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को मध्यप्रदेश के इंदौर से इसका उद्घाटन करेंगे, जबकि झारखंड में पंचायत स्तर से लेकर मेडिकल कॉलेज तक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
अभियान में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। राज्यभर के शिविरों में ब्लड डोनेशन, बीपी, शुगर, और कैंसर जैसी बीमारियों की मुफ्त जांच की जाएगी। इसके साथ ही पोषण और आहार संबंधी जागरूकता भी बढ़ाई जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अभियान में उनकी भागीदारी का निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया। बैठक में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूरे राज्य में 700 अबुआ मेडिकल स्टोर खोले जाएंगे, जहां गरीबों को दवाइयां मुफ्त मिलेंगी। आगामी समय में इन स्टोरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साफ तौर पर कहा कि राज्य के दूर-दराज इलाकों तक दवाइयां पहुंचें और किसी भी गरीब की इलाज के अभाव में जान न जाए। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम गरीब परिवारों को मजबूत बनाने में मदद करेगा।
यह अभियान झारखंड में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के साथ साथ परिवारों के सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।