रांची के खेलगांव स्टेडियम में 22 अगस्त से 4 सितंबर 2025 तक सेना भर्ती कार्यालय द्वारा अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली में झारखंड के सभी योग्य उम्मीदवार हिस्सा ले सकते हैं।
महत्वपूर्ण सूचना में बताया गया है कि इस बार केवल पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय द्वारा जारी ऑनलाइन चरित्र प्रमाण पत्र ही भर्ती प्रक्रिया में स्वीकार किया जाएगा। उम्मीदवारों से आग्रह है कि वे केवल आधिकारिक प्रमाण पत्र का ही उपयोग करें।
सेना भर्ती निदेशक कर्नल विकास भोला ने साफ किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी दलाल या फर्जीवाड़े में न आएं। केवल योग्यता और क्षमता के आधार पर ही चयन होगा और भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह की दलाली या भ्रष्टाचार को स्थान नहीं दिया जाएगा।
उम्मीदवार भर्ती के लिए खेलगांव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार पहुंच सकते हैं। भर्ती से जुड़ी किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए जिला प्रशासन का व्हाट्सएप नंबर *9430328080* भी जारी किया गया है।
यह रैली झारखंड के युवाओं के लिए सेना में अपना भविष्य संवारे का सुनहरा मौका है। उम्मीदवारों से अनुरोध है कि वे सही दिशा-निर्देशों का पालन करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें।