राष्ट्रवाद को जीवित रखना है तो जात-पात की राजनीति को समाप्त करना होगा: दिलीप जायसवाल

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
523 Views
4 Min Read

Bihar Politics: बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस को लेकर कार्यक्रम ‘हर घर तिरंगा’ को लेकर आज एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा की गई तथा इस कार्यक्रम को राजधानी पटना से लेकर गांव के बूथों तक सफल बनाने का संकल्प दोहराया गया। इस बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद आज भाजपा के कार्यकर्ताओं में यह मलाल रह गया कि कुछ कमी रह गयी। लेकिन, राष्ट्रवाद की आग कभी बुझने वाली नहीं है क्योंकि इस देश को आजाद करने के लिए लाखों लोगों ने अपनी कुर्बानियां दी है।

उन्होंने साफ लहजे में कहा कि काँग्रेस और भाजपा को समझने की जरूरत है। पास के ही मुगल सराय स्टेशन का नाम बदलकर आज दीनदयाल उपाध्याय कर दिया गया। भाजपा गुलामी के प्रतीक को हटाने की बात करती है। आज इंडी गठबंधन तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है , जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद को जीवित रखने के लिए जात -पात की राजनीति समाप्त करनी होगी।

उन्होंने हर घर तिरंगा कार्यक्रम की चर्चा करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य हर घर तक तिरंगा फहराकर राष्ट्रवाद को मजबूत करने का संदेश देना है। यह कार्यक्रम हमलोगों के लिए चुनौती है। इसे बूथ स्तर पर तक ले जाना है। जायसवाल ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि आज नौवीं पास रोजगार की बात कर रहे हैं, लेकिन वे सिर्फ अपने परिवार के रोजगार की बात करते हैं, उन्हें समाज की चिंता नहीं। वे ऐसी बातें कर मतदाताओं को बेवकूफ बनाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति करने वालो को राजनीति तौर पर समाप्त करना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की बात करते हुए कहा कि कार्यकर्ता को इसका एहसास होना चाहिए की आज उनकी सरकार है। उन्होंने कहा कि अभी असली आजादी बाकी है अभी तक जो भी हुआ है वह मात्र झांकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा देते हुए कहा कि मैं पटना से लेकर बूथ तक कार्यकर्ताओं को समर्थन देने के लिए खड़ा हूं।

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह हर घर तिरंगा के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने तिरंगा के साथ लोगों को जोड़ा है। यह तिरंगा देश की एकता और अखंडता का परिचायक है। माँ भारती की संतान का माँ भारती के प्रति सम्मान रहे और उनका गौरव बना रहे यह कार्य करना है। जिन्हें माँ भारती के प्रति सम्मान नहीं वह माँ भारती की असली संतान नहीं हो सकते। उन्होने कहा कि यह अभियान देश के जुड़ाव का प्रतीक है। देशभक्ति की भावना का प्रसार करना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत स्वच्छता अभियान भी चलेगा इससे न केवल क्षेत्र की गंदगी दूर होगी बल्कि मन कि मलीनता भी दूर होगी।

इस दौरान मंच पर प्रदेश महामंत्री जगन्नाथ ठाकुर, मिथिलेश तिवारी, शिवेश राम, राजेश वर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा बैठक में हर घर तिरंगा के सफल आयोजन के लिए बनी टीम के राधामोहन शर्मा, पिंकी कुशवाहा, सतपाल नरोत्तम, ओम प्रकाश भुवन जी सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रदेश के सभी मंच, प्रकोष्ठ के संयोजक, प्रभारी और पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। हर घर तिरंगा कार्यक्रम की टीम में प्रत्येक जिले से पांच – पांच लोगों को शामिल किया गया है। वे भी इस बैठक में सम्मिलित रहे।

Share This Article