बिहार से नाराज हुआ मॉनसून! जानें कब होगी बारिश..

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
589 Views
2 Min Read

Bihar Weather Today: सावन का महीना शुरू हुए एक हफ्ते से ज्यादा हो गया है, लेकिन मानसून बिहार से अब भी नाराज दिख रहा है। यही वजह है कि बारिश नहीं हो रही है और अभी भी तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रह रहा है। सावन के दूसरे सोमवार के दिन गोपालगंज के पिछले सारे रिकॉर्ड टूटे और यहां का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके अलावा राजधानी पटना का तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि ‘बिहार में अगले 48 घंटों में कोई खास मौसमी परिवर्तन नहीं होने वाला है। राज्य के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है, उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।’ कुल मिलाकर मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि बिहार के लिए मॉनसून 2024 भी पिछले दो साल की तरह ही बेरुखी दिखाने वाला है, हालांकि इसी बीच मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए गुड न्यूज भी दी है।

आज यानी 30 जुलाई से 2 अगस्त तक बक्सर, भोजपुर, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल और रोहतास में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है। जबकि 31 जुलाई से 03 अगस्त तक भागलपुर, जमुई, मुंगेर, खगड़िया और बांका में अनेक स्थानों पर बारिश के आसार हैं। वहीं बिहार के अधिकांश जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक ‘जून-जुलाई में बिहार में वर्षा की बहुत असामानता रही। राज्य में अभी तक 35 फीसदी कम वर्षा हुई है। धान रोपाई के लिए वर्षा का कम होना चिंता का विषय है। भभुआ, पटना, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा, समस्तीपुर, सारण और वैशाली में सामान्य से 50 फीसदी कम बारिश हुई है। पिछले 24 घंटों में मॉनसून कमजोर ही रहा। पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है।’

Share This Article