कांग्रेस की ओर से जारी किए गए एक पोस्ट पर सियासी विवाद शुरू हो गया है। इस पोस्ट को बिहार के लोगों का अपमान कहा जा रहा है। दरअसल, केरल कांग्रेस की ओर से एक्स पर लिखा गया है कि बीड़ी और बिहार दोनों B से शुरू होते हैं। अब इसे पाप नहीं माना जाएगा।

कांग्रेस पार्टी का यही काम
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा है कि बिहार का अपमान करना, बिहारी को छोटा दिखाना। यहीं कांग्रेस पार्टी का काम है।
वहीं, जदयू सांसद संजय झा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि बी से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है। विवाद होने पर केरल कांग्रेस की ओर से पोस्ट को डिलीट कर दिया गया है।
तेजस्वी ने माफी मांगने के लिए कहा
कांग्रेस के इस पोस्ट का नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी विरोध किया है। तेजस्वी ने कहा है कि कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक इस पोस्ट को देखे नहीं हैं।
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से भी जवाब मांगा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि नेता प्रतिपक्ष को जवाब तो देना पड़ेगा। क्या बिहार बीड़ी का प्रयाय है। जनता ईवीएम से बताएगी कि बिहार आत्मसम्मान से जीता है।