भाजपा ने पसमांदा समाज को दिया हक का आश्वासन: ‘समानता, संवाद और विकास हमारा संकल्प’

भाजपा पसमांदा समाज के लोगों को राजनीति में भी हिस्सेदारी सुनिश्चित करेगी

HD News Desk
2k Views
2 Min Read

पटना, 30 जून। ( प्रशांत कुमार “प्रणय” )

बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में सोमवार को “पसमांदा मिलन समारोह” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पसमांदा समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। समारोह का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद कमरूजमा अंसारी और प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल भी मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि भाजपा सभी धर्म, समुदाय और वर्ग को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि बिहार में मुसलमानों के नाम पर राजनीति खूब हुई, लेकिन पसमांदा मुसलमानों को कभी आगे बढ़ाने की कोशिश नहीं की गई। डॉ. जायसवाल ने भरोसा दिलाया कि भाजपा पसमांदा समाज के लोगों को राजनीति में भी हिस्सेदारी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि वोटबैंक की राजनीति करने वालों ने पसमांदा मुसलमानों के साथ भेदभाव किया है, जिससे उनकी कई पीढ़ियां प्रभावित हुई हैं। एनडीए सरकार बनने के बाद इन्हें आरक्षण का लाभ मिला है।

मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने कहा कि मुसलमानों में पसमांदा समाज की संख्या 70-80 प्रतिशत है, लेकिन वे आज भी पिछड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटबैंक की राजनीति ने पसमांदा मुसलमानों को तबाह कर दिया है और समाज के ही एक वर्ग ने उनका शोषण किया है। दानिश इकबाल ने कहा कि आज भी पसमांदा समाज को बराबरी का हक नहीं मिलता और उन्हें नीचा समझा जाता है, लेकिन भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना से इनका विकास कर रही है।

इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में पसमांदा समाज के लोगों ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की।

Share This Article