CM हेमंत सोरेन ने रांची के आदिवासी कॉलेज करमटोली में बहुमंजिली छात्रावास निर्माण की रखी आधारशिला

HD News Desk
829 Views
2 Min Read

रांची|मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 22 मई को आदिवासी कॉलेज छात्रावास परिसर, करमटोली, रांची में 520 शैय्या वाले अनुसूचित जनजाति बहुमंजिली छात्रावास के निर्माण की आधारशिला रखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए हरसंभव संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि अब छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को तीनों वक्त का पौष्टिक भोजन, रसोईया, चौकीदार तथा पठन-पाठन से संबंधित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सिर्फ अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें, उनकी चिंताओं को दूर करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी से लेकर मेडिकल, इंजीनियरिंग और लॉ जैसे प्रोफेशनल कोर्सेज में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों को सरकार हर स्तर पर सहयोग कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने इस अवसर पर एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के सभी जिलों में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के नाम से भव्य पुस्तकालय खोले जाएंगे। इन पुस्तकालयों में विद्यार्थियों के लिए हर विषय की पुस्तकें एवं पत्रिकाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में सहायता मिल सके।

उन्होंने बताया कि “गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना” के तहत राज्य के गरीब विद्यार्थियों को बिना किसी गारंटी के 15 लाख रुपये तक का किफायती ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूल और कॉलेजों की शिक्षा में नए आयाम जोड़ रही है और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने का कार्य जारी है। सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के विद्यार्थियों ने हाल ही में बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया है कि सरकारी संस्थान भी अब निजी संस्थानों की बराबरी कर रहे हैं।

इस कार्यक्रम में मंत्री श्री चमरा लिंडा, राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी, सचिव श्री कृपानंद झा, सचिव श्री अरवा राजकमल तथा आदिवासी कल्याण आयुक्त श्री अजय नाथ झा सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।

Share This Article