झारखंड में हार-जीत की समीक्षा बैठक कर रही कांग्रेस, विधानसभा चुनाव को लेकर भी मंथन

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
941 Views
3 Min Read

रांची : झारखंड कांग्रेस आज लोकसभा चुनाव परिणाम को लेकर समीक्षा करेगी। इसके लिए वृहद बैठक बुलाई गई है। इस समीक्षा बैठक में झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर भी मौजूद रहेंगे। इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने राज्य की सात सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, जिसमें से केवल दो सीटों पर जीत हासिल हुई है। ऐसे में पार्टी अपनी जीत के साथ ही हार की भी समीक्षा कर रही है। इस बैठक में पार्टी के तमाम अधिकारी और पदाधिकारी शामिल रहेंगे।

संगम गार्डन मोरहाबादी में बैठक

समीक्षा बैठक को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि बैठक संगम गार्डेन मोरहाबादी में 11:30 बजे से बुलाई गई है। उन्होंने बताया कि गत दिनों संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में झारखंड में इंडिया गठबंधन को 5 सीटों पर जीत मिली है। झारखंड में 7 सीटों पर कांग्रेस और अन्य सीटों पर गठबंधन दल के उम्मीदवार थे। इनमें से दो सीटों पर कांग्रेस और तीन सीटों पर झामुमो को जीत मिली है।

विधानसभा चुनाव को लेकर भी मंथन

उन्होंने कहा कि पार्टी को झारखंड में इससे भी बेहतर परिणाम की आशा थी। पर आशा अनुरूप परिणाम हमें प्राप्त नहीं हुआ। झारखंड में इसी वर्ष के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए लोकसभा चुनाव में हुई हार जीत की पूरी समीक्षा जरूरी है। इसकी समीक्षा के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के निर्देश पर बैठक बुलाई गई है।

बैठक में पार्टी से ये लोग रहेंगे शामिल

उन्होंने बताया कि समीक्षा बैठक में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, सभी मंत्री, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, लोकसभा चुनाव 2024 के प्रत्याशी, लोकसभा कोऑर्डिनेटर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष/कार्यकारी अध्यक्ष, अग्रणी संगठन एवं विभाग के अध्यक्ष/चेयरमैन, अध्यक्ष, सदस्य, बोर्ड निगम, आयोग, मीडिया प्रभारी, चेयरमैन, प्रवक्ता, स्टेट सोशल मीडिया चेयरमैन उपस्थित रहेंगे।

झारखंड में इतने सीट पर चुनाव लड़े कांग्रेस

झारखंड में कांग्रेस ने सात सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। जिसमें से केवल दो सीटों पर जीत हासिल हुई है। पार्टी की ओर से लोहरदगा, रांची, धनबाद, गोड्डा, हजारीबाग, खूंटी और चतरा में उम्मीदवार उतारे थे। जिसमें से केवल खूंटी और लोहरदगा में जीत हासिल हुई है।

Share This Article