बिहार में कई घंटे तक हुई लगातार बारिश, नदियों का जलस्तर बढ़ा

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
580 Views
3 Min Read

राजधानी पटना समेत बिहार के 6 जिलों में बारिश हो रही है। पटना में 1 घंटे हुई बारिश में कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति देखने को मिली। गांधी मैदान, डाकबंगला, स्टेट बैंक और मगध महिला कॉलेज के पास पानी भरा हुआ है। लोगों को आने जाने में परेशानी हो रही है।

मौसम खराब होने के कारण पटना आने वाली 3 फ्लाइट्स को डायवर्ट कर दिया गया है। डायवर्ट होने वाली फ्लाइट्स में दो एयर इंडिया और एक इंडिगो की है। सभी फ्लाइट्स को वाराणसी डायवर्ट किया गया है। पटना के अलावा रोहतास, किशनगंज, आरा, बक्सर और सीवान में भी बारिश हो रही हैं। सीवान में आज मानसून की पहली बारिश हुई है। औरंगाबाद में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हो गई है। मृतक बच्चे की पहचान आदर्श कुमार (11) और शबनम कुमारी (10) के रूप में की गई। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 26 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई जिलों में तेज हवा और आकाशीय बिजली का भी अलर्ट जारी किया है।

इधर, गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ा है। मधुबनी में बारिश की वजह भुतही बलान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इससे 2.98 करोड़ की लागत से 4 पिलर वाला निर्माणाधीन पुल का गार्डर गिर गया। बताया जा रहा है कि 2 दिन पहले ही इसकी ढलाई हुई थी। वहीं कटिहार के अमदाबाद प्रखंड में महानंदा नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के कारण कटाव हो रहा है। इसके साथ ही पटना में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा। अररिया में परमान और पूर्णिया में महानंदी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है।

राज्य में बारिश होने के बाद गंगा समेत अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। पटना के गांधी घाट पर पिछले 24 घंटों में गंगा का पानी 44 सेमी बढ़ा है। यहां गुरुवार को 42.27 मीटर जलस्तर मापा गया था जो शुक्रवार को बढ़कर 42.71 मीटर हो गया। हालांकि, यह खतरे के निशान से अभी 5.89 मीटर नीचे है। गांधी घाट पर खतरे का निशान 48.60 मीटर है।

Share This Article