दानापुर में दियारा क्षेत्र के छह पंचायतों के लोग इस साल चौथी बार बाढ़ की मार झेल रहे हैं। बाढ़ से बेहाल लोगों को राहत और मुआवजे की मांग को लेकर बुधवार को दियारा पंचायत के कई मुखियाओं व जनप्रतिनिधियों ने अंचल कार्यालय में प्रदर्शन किया।
इस दौरान आक्रोशित जनप्रतिनिधियों ने RTPS काउंटर बंद करा दिया, जिससे कार्यालय का कामकाज ठप हो गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कंप्यूटर पर लोड नहीं किया गया
मुखिया सुभाष प्रसाद यादव ने आरोप लगाया कि सीओ द्वारा अब तक बाढ़ पीड़ितों की पूरी सूची नहीं ली गई है। सिर्फ 10 प्रतिशत पीड़ितों की सूची बनाकर भेजी गई है, जबकि 17 दिन पूर्व पूरी सूची सौंप दी गई थी। इसके बावजूद उसे कंप्यूटर पर लोड नहीं कराया गया है।
उन्होंने विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि फसल क्षति का आवेदन भी नहीं लिया जा रहा है। साथ ही न तो सरकारी नावों का संचालन हो रहा है और न ही पर्याप्त मात्रा में पॉलिथीन उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस दौरान मुखिया सुभाष प्रसाद यादव, मुखिया विनोद कुमार, मुखिया प्रतिनिधि मनद्रिर यादव, पंसस समिति प्रतिनिधि मुस्कान यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने जमकर हंगामा किया।
पूर्व विधायक ने भी समझाने की कोशिश की
सूचना मिलते ही पूर्व विधायक आशा सिन्हा, राजद प्रदेश महासचिव केडी यादव और पप्पू यादव मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाने की कोशिश की। श्रीमती सिन्हा ने फोन पर सीओ चंदन कुमार से बात कर समाधान निकालने को कहा, लेकिन सीओ मौके पर नहीं पहुंचे।
इसके बाद बीडीओ विभेष आनंद कुमार ने जनप्रतिनिधियों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद अंचल कार्यालय का कार्य सुचारू रूप से शुरू हो सका।