बिहार में बनेगा पहला बर्ड म्यूजियम, वर्ल्ड क्लास मॉर्डन सुविधाओं से होगा लैस

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
3.4k Views
2 Min Read

बिहार के जमुई में विश्वस्तरीय बर्ड म्यूजियम बनने जा रहा है। मॉर्डन सुविधाओं से लैस ये बर्ड म्यूजियम लोगों के आकर्षण का केंद्र होगा। जिला वन पदाधिकारी के मुताबिक इसका निर्माण बेंबोर्न स्थित हाईटेक बर्ड म्यूजियम की तर्ज पर कराया जाएगा। ध्यान रहे कि बिहार का ये पहला बर्ड म्यूजियम होगा। ये पक्षी प्रेमियों के लिए खास होगा। जहां वे आकर अपना रिसर्च और पक्षियों के बारे में जानकारी जुटा सकेंगे।

झाझा प्रखंड में स्थित नागी अंतर्राष्ट्रीय पक्षी आश्रयणी के पास वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से हाईटेक पक्षी संग्रहालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए भारत सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जिला वन पदाधिकारी ने बताया कि इस बर्ड म्यूजियम का निर्माण बेंबोर्न स्थित हाईटेक बर्ड म्यूजियम की तर्ज पर कराया जाएगा। यह पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

इसका निर्माण 12 एकड़ में डेढ़ करोड़ की लागत से कराया जाएगा। इसके निर्माण में सभी आधुनिक संसाधनों का भी प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस म्यूजियम में पूरे विश्व में पाए जाने वाले 1300 प्रकार के सभी प्रजाति के पक्षियों के बारे में पर्यटकों को जानकारी दी जाएगी। इस दौरान पर्यटकों को चित्र और वीडियो फिल्म के माध्यम से भी जानकारी दी जाएगी। पक्षियों के पर्यावरण को संतुलित रखने के योगदान के बारे में भी बताया जाएगा।

जिला वन पदाधिकारी तेजस जायसवाल ने बताया कि इस बर्ड म्यूजियम का निर्माण जल्द ही कराया जाएगा। इसके लिए सारी प्रक्रिया पूरी करने की कवायद अंतिम चरण में है। यह आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित देश का दूसरा बर्ड म्यूजियम होगा। ध्यान रहे कि जमुई जिला प्राकृतिक संसाधनों से भरपुर जिला है। पहाड़ और जंगलों से घिरे इस जिले में बर्ड म्यूजियम के होने से पर्यटक भी आएंगे। पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बर्ड म्यूजियम बनेगा।

Share This Article