हीरो एशिया कप हॉकी 2025 का मेजबान बिहार बनने जा रहा है। पहली बार 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर में होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर पूरे राज्य में ट्रॉफी गौरव यात्रा निकाली जा रही है।
17 अगस्त को शुरू हुई थी यात्रा
हॉकी के प्रति युवाओं में जुनून जगाने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का उद्देश्य है । 17 अगस्त से शुरू हुई यह यात्रा बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ चेन्नई, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड जैसे राज्यों का भ्रमण कर रही है।
खगड़िया में हुआ भव्य स्वागत
खगड़िया के खेल भवन में आयोजित समारोह में डीडीसी अभिषेक पलासिया, जिला खेल पदाधिकारी घनश्याम कुमार, सहायक योजना पदाधिकारी नित्यानंद किशोर और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने ट्रॉफी का शानदार स्वागत किया।
युवा खिलाड़ियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रदर्शन से माहौल को जोशीला बना दिया।
बेगूसराय में डीएम और एसपी ने उत्साह बढ़ाया
बेगूसराय के गांधी मैदान में जिलाधिकारी तुषार सिंगला और पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
दोनों अधिकारियों ने तिरंगा गुब्बारे छोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों के साथ प्रतीकात्मक तौर पर हॉकी खेली। बड़ी संख्या में जुटे खिलाड़ियों व नागरिकों ने जोश के साथ ट्रॉफी का स्वागत किया।
नालंदा में सांसद व जनप्रतिनिधि शामिल
नालंदा के बिहारशरीफ स्थित फिटनेस पार्क में आयोजित समारोह में सांसद कौशलेंद्र कुमार, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भरत सोनी, विधान पार्षद रीना यादव, नगर आयुक्त दीपक मिश्रा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों के साथ ट्रॉफी का स्वागत किया और खेल के महत्व पर प्रकाश डाला।
पूरे बिहार में उमंग का माहौल
ट्रॉफी गौरव यात्रा अब तक जिन जिलों में पहुंची है, वहां बैंड-बाजे, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खिलाड़ियों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन के साथ स्वागत किया गया। हर जिले के मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए सांकेतिक तौर पर हॉकी खेली।
यह यात्रा 29 अगस्त को राजगीर लौटेगी, जहां से शुरू होगी हीरो एशिया कप 2025 की ऐतिहासिक मेजबानी।