कल्पना सोरेन आज लेंगी शपथ, गांडेय उपचुनाव जीतकर पहली बार बनी विधायक

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
1.9k Views
2 Min Read

झारखंड: पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन आज विधायक पद की शपथ लेंगी। झारखंड विधानसभा में शाम में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्हें विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो पद की शपथ दिलाएंगे। वह गांडेय उपचुनाव जीत कर पहली बार विधायक बनी हैं। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान सीएम चंपाई सोरेन सहित झामुमो, कांग्रेस और राजद कोटे के मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

कल्पना सोरेन पहली बार बनी विधायक

कल्पना सोरेन गांडेय उपचुनाव जीत कर विधायक बनी हैं। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी दिलीप वर्मा को 26 हजार वोटों से हराया है। कल्पना जिस गांडेय सीट से विधायक चुनी गई हैं, उस सीट पर साल 2019 में हुए झारखंड विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के डॉ. सरफराज अहमद चुने गए थे।

कल्पना सोरेन की सीएम बनने की चर्चा

कल्पना सोरेन के विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कल्पना सोरेन के विधायक बनने से राजनीतिक गलियारों में नेतृत्व परिवर्तन से लेकर मंत्रिमंडल विस्तार तक पर चर्चा हो रही है। चर्चा एक बार फिर है कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

सरकार में मंत्री के दो पद रिक्त

वर्तमान में झारखंड सरकार में एक मंत्री का पद खाली है। इसके अतिरिक्त 12वां मंत्री का भी पद खाली है। इस तरह से दो पद रिक्त हैं। हालांकि सूत्र बता रहे हैं कि कैश कांड में गिरफ्तार कांग्रेस कोटे के मंत्री आलमगीर इस्तीफा दे सकते हैं। इनकी जगह कांग्रेस कोटे से ही किसी को मंत्री बनाया जा सकता है। चर्चा है कि इस बार कांग्रेस कोटे से महगामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह मंत्री बनाई जा सकती हैं।

Share This Article