Loksabha Election 2024: चतरा सीट पर फंसा पेंच, राजद-कांग्रेस में उठापटक

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
984 Views
2 Min Read

Jharkhand: चतरा में 20 मई को मतदान होना है। भाजपा ने यहां से कालीचरण सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर अब तक I.N.D.I.A गठबंधन ने उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है। सीट को लेकर राजद और कांग्रेस में पेंच फंसा हुआ है।

राजद इस सीट पर लंबे समय से अपना दावा पेश कर रही है। राजद विधायक सत्यानंद भोक्ता ने इस सीट पर अपना दावा पेश किया है। वहीं कांग्रेस ने अब तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया लेकिन अपना अधिकार नहीं छोड़ने की बात कही है।

महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर फॉर्मूला भले तय हो गया हो लेकिन आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। जेएमएम, कांग्रेस ने कुछ सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया है लेकिन चतरा सीट पर अब भी मामला फंसा है।

कांग्रेस और राजद दोनों का दावा

एक और जहां राज्य के श्रम, नियोजन मंत्री सत्यानंद भोक्ता राजद की ओर से स्थानीय प्रत्याशी देने की बात कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि यहां कांग्रेस लड़े या राजद प्रत्याशी स्थानीय ही होगा।

इसके लिए दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता अपने-अपने दावों के साथ पार्टी फोरम में अपनी बातें भी रख रहे है। दूसरी ओर राजद के कई कार्यकर्ताओं ने कहा है कि अगर राजद को चतरा सीट से टिकट नहीं मिलता है तो सामूहिक इस्तीफा होगा।

इधर चतरा लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणी भी सीट शेयरिंग में हो रही देरी के बीच अपनी राजनीति रोटी सेंकने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि चतरा सीट कांग्रेस के खाते में जा रही है। और चतरा लोकसभा सीट से उनका लड़ना तय है। क्योंकि उनका एकमात्र मकसद भाजपा को हराना है। इसके लिए वह अपनी पार्टी को कांग्रेस में मर्ज करने का प्रस्ताव भी दे चुके हैं। उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस हर हाल में उन्हें अपना प्रत्याशी बनाएगी।

Share This Article