मजदूरी मांगने पहुंचे शख्स की पिटाई, तीसरी मंजिल पर हुआ कांड..!

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
902 Views
2 Min Read

Madhubani Crime News: बिहार के मधुबनी के झंझारपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, दरअसल तीन मंजिला इमारत में चल रही एक फाइनेंस कंपनी से जब एक शख्स अपनी पत्नी और बेटे के साथ मजदूरी के रुपये मांगने पहुंची तो कंपनी के मैनेजर और कर्मचारियों ने शख्स के साथ मारपीट कर उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौ’त हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, इसके बाद मैनेजर समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि ‘मृतक झंझारपुर के पूर्व ओशो नगरी कॉलोनी में किराए एक घर में चल रही DJT फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में अपनी पत्नी के साथ झाड़ू, पोछा और खाना बनाने का काम करता था। तीन-चार दिन पहले उन्होंने काम छोड़ दिया था और शुक्रवार को वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ काम के पैसे मांगने गया था, इसी बीच कंपनी के मैनेजर संतोष कुमार यादव समेत ऑफिस में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट की फिर उन्हें छत पर ले गए।’

मृतक की पत्नी का कहना है कि ‘सनकी मैनेजर संतोष कुमार, सौरभ कुमार, बिमल कुमार, मुकेश कुमार, राहुल कुमार झा, हरिशंकर कुमार, राहुल गिरी और अखिलेश कुमार ने दंपति से मारपीट करते हुए उन्हें तीसरी मंजिल पर ले गए और वहां से पति को नीचे फेंक दिया। इसके बाद मृतक की पत्नी और बेटे तुरंत अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया।’ घटना की सूचना मिलते ही झंझारपुर और अन्य थाना पुलिस ने अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया। इधर घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने मैनेजर सहित चार कर्मचारियों के दबोच लिया, इसके बाद पुलिस ने आक्रोशित भीड़ से छुड़ाकर मैनेजर और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।

Share This Article