जमुई के झाझा थाना क्षेत्र स्थित घोरिकवा में रविवार को पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाराजोर निवासी मोहम्मद शाहिद अंसारी और घोरिकवा गांव के छोटू कुमार के रूप में हुई है। फैक्ट्री से पुलिस ने अर्धनिर्मित हथियार, कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए।
आरोपी का थाना भी आना-जाना था
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले कई महीनों से गुप्त रूप से इस फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे। संदेह से बचने के लिए वे झाझा थाने में नियमित रूप से आना-जाना भी करते थे।
यह कार्रवाई झाझा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे और बड़े खुलासे संभव हैं।
लगातार मिल रही अवैध फैक्ट्रियां
गौरतलब है कि महज एक महीने के अंदर जिले में कई जगहों से मिनी गन फैक्ट्रियों का उद्वेलन हो चुका है। पहले जमुई शहर के कल्याणपुर और गरही थाना क्षेत्र में एक मुखिया के घर से हथियार बनाने की सामग्री बरामद हुई थी। इसके बाद मलयपुर थाना क्षेत्र के एक घर से भी हथियार बनाने का सामान मिला था।