बिहार में 20 जून तक आ सकता है मॉनसून, आज लू को लेकर 17 जिलों में अलर्ट

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
633 Views
2 Min Read

बिहार में भीषण गर्मी और हीट वेव से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है। बिहार में मॉनसून को लेकर मौसम विभाग की अपडेट आई है। मौसम विभाग के अनुसार 20 या 21 जून से मॉनसून बिहार में दस्तक दे सकता है। इस दौरान यहां झमाझम बारिश हो सकती है। हालांकि, उससे पहले गर्मी से लोगों की हालत खराब रहने वाली है।

राजधानी पटना सहित बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद, गया जिला के कुछ स्थानों पर मंगलवार को लू को लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, 8 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें सीवान, सारण, वैशाली, शेखपुरा, बेगूसराय, समस्तीपुर, नवादा और नालंदा शामिल है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य व दक्षिण-पूर्व भाग के जिलों में गर्म दिन रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में आज 13 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा में अगले तीन घंटे के दौरान बारिश हो सकती है। वहीं, कल रात किशनगंज में बारिश हुई। इधर, 46.9 डिग्री के साथ औरंगाबाद सबसे गर्म जिला रहा।

दूसरी ओर सोमवार को राज्य में लू लगने से 15 लोगों की मौत हो गई। इनमें औरंगाबाद में 6, जहानाबाद में 3, गया में 5 और छपरा में एक शख्स की जान गई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जहानाबाद के अलग-अलग हिस्सों में तीन लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत भी हो गई। गया के कोंच, गुरुआ व अन्य हिस्सों में तल्ख तापमान ने 6 जानें ले लीं। सारण के गड़खा थाना क्षेत्र के पंचभिड़िया के पास एक अधेड़ की लू लगने से मौत हो गई।

Share This Article