NEET पेपर लीक केस में 7 आरोपियों की रिमांड खत्म, EOU के ADG दिल्ली रवाना

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
555 Views
2 Min Read

NEET पेपर लीक मामले में गिरफ्तार 7 आरोपियों को CBI की टीम ने पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था। रिमांड की मियाद आज खत्म हो गई है। गुरुवार की सुबह सभी आरोपियों का मेडिकल टेस्ट कराया गया। अब उन्हें पेशी के लिए CBI की टीम कोर्ट ले गई है। इन आरोपियों को रिमांड पर लिया गया था। इनमें चिंटू, मुकेश, मनीष प्रकाश, आशुतोष, ओएशिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल हक, वाइस प्रिंसिपल इम्तियाज और जमालुद्दीन शामिल हैं।

इधर, EOU के ADG नैय्यर हसनैन खान आज दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। NEET से संबंधित केस से जुड़े कागजात और फाइल लेकर दिल्ली गए हैं। दरअसल, 8 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में नीट पेपर लीक मामले में सुनवाई होनी है। सूत्रों के अनुसार उससे जुड़े दस्तावेजों को लेकर ही वो गए हैं। EOU की तरफ से किए गए जांच, कार्रवाई और पेपर लीक के मिले सबूतों के बारे में सुप्रीम कोर्ट को अवगत कराएंगे।

पिछले कई दिनों से NEET पेपर लीक का मामला सुर्खियों में है। जांच में नए-नए अपडेट सामने आ रहे हैं। मामले की जांच कर रही एजेंसी सीबीआई को एक और कामयाबी मिली है। संजीव मुखिया के करीबी चिंटू और मुकेश से मिली जानकारी के बाद आरोपी अमन सिंह को दबोचने में CBI सफल हो गई है। अमन को झारखंड के धनबाद से गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि अमन सिंह, पेपर लीक कांड में फरार रॉकी का बेहद खास है और रॉकी, संजीव मुखिया का भांजा है, जो रांची में होटल कारोबार से जुड़ा हुआ है।

Share This Article