अंबानी के बेटे की शादी तक पहुंची बिहार की राजनीति, जानें पूरा मामला

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
522 Views
2 Min Read

देश में अभी अंबानी के बेटे की शादी चर्चा में है। लगातार अनंत की प्री-वेडिंग शूट्स चल रहे हैं। ऐसे में बिहार के मंत्री का बयान सामने आया है। राजद से लालू यादव के खास माने जाने वाले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने कहा कि देश में अंग्रेजी शासन काल से भी अधिक असमानता है। अमीरी दिखाई देती है, लेकिन देश के कर्ताधर्ता गरीबी देखना नहीं चाहते हैं। अभी देश-दुनिया के लोग मुकेश अंबानी के बेटे की शादी में हो रही फिजूलखर्ची को देख रहे हैं। शादी जुलाई में है, लेकिन उत्सव महीनों से चल रहा है।

शिवानंद तिवारी ने आगे कहा कि दूसरी तरफ गांव के गरीब के बेटे-बेटियों की शादी होती है, जिनकी जानकारी गांव के सभी लोगों को नहीं मिल पाती है। तिवारी ने कहा कि देश के करोड़ों बच्चे जब जन्म लेते हैं तो उनका वजन मानक के अनुरूप नहीं रहता है, क्योंकि उनकी मां कुपोषित रहती हैं। बच्चे जन्म से ही कमजोर होते हैं। उनका वजन या उनकी लंबाई उम्र के अनुसार नहीं होती है। बुद्धि का विकास नहीं होता है। इसलिए वे स्वस्थ नागरिक नहीं हो पाते हैं। मशहूर कृषि वैज्ञानिक स्वामीनाथन इसे क्रूर किस्म की असमानता कहते थे।

शिवानंद तिवारी ने कहा कि आजादी के इतने दिनों बाद भी हम वह मुकाम हासिल नहीं कर पाए हैं, जिससे देश भर में स्वस्थ बच्चे जन्म ले सकें। यह असमानता का वीभत्स रूप है। अगर आज गांधी जी होते और अंबानी को इस तरह धन लुटाते देखते तो उनका फैसला होता कि सरकार उस संपत्ति को अपने हाथ में ले ले।

Share This Article