फतुहा स्टेशन पर 2 हिस्सों में बंट गई श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, प्लेटफार्म पर ही रह गए कई डिब्बे

HD News Desk
270 Views
1 Min Read

दानापुर रेल मंडल के फतुहा स्टेशन पर सोमवार को बड़ा रेल हादसा टल गया। डाउन 12392 श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस स्टेशन से खुलते ही अचानक दो हिस्सों में बंट गई।

प्लेटफार्म पर छूट गए डिब्बे 

ट्रेन जैसे ही 8:10 बजे स्टेशन से रवाना हुई, डिब्बों को जोड़ने वाला कपलिंग टूट गई। इससे इंजन और आगे के डिब्बे करीब 6 से 8 फीट आगे बढ़ गए। जबकि पीछे के डिब्बे प्लेटफॉर्म पर ही छूट गए। घटना के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई और कई लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।

आधे घंटे में कपलिंग ठीक किया गया 

सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी हरकत में आए। ट्रेन ड्राइवर को संदेश भेजकर इंजन को सावधानीपूर्वक पीछे कराया गया। मौके पर पहुंचे तकनीकी स्टाफ ने युद्धस्तर पर कपलिंग जोड़ने का काम शुरू किया।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद 8:31 बजे कपलिंग ठीक कर लिया गया।

कोई हताहत नहीं हुआ 

स्टेशन प्रबंधक रंजीत कुमार ने बताया कि सभी जांच-पड़ताल पूरी करने के बाद ट्रेन को सुबह 9:02 बजे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

Share This Article