बिहार में एक बार फिर वंदे भारत पर पथराव, एक्सप्रेस का टूटा शीशा

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
540 Views
2 Min Read

बिहार में एक बार फिर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। पटना से हावड़ा जा रही वंदे भारत ट्रेन पर शुक्रवार को शरारती तत्वों ने पत्थर फेंके। इससे ट्रेन की खिड़की के शीशा टूट गए। यह घटना हाथीदह और बड़हिया स्टेशनों के बीच हुई।

हालांकि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन, अचानक पत्थर फेंके जाने से ट्रेन में सवार यात्री सहम गए। उन्होंने कंट्रोल को घटना की सूचना दी। इस घटना के बाद हरकत में आए आरपीएफ जवानों ने रेलवे लाइन किनारे सघन जांच अभियान चलाया। इस बीच अनधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पर घूमते हुए एक को गिरफ्तार किया।

आरोपियों की पहचान मंजीत कुमार, सिमरिया बिंद टोली निवासी के रूप में हुई। दूसरी ओर, मोकामा आरपीएफ ने लखनचंद काली स्थान के पास जागरुकता अभियान चलाया। इसमें ट्रेन की सुरक्षा को अहम बताकर आम लोगों को सजग किया गया।

बता दें कि बिहार में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते अप्रैल में वाराणसी से रांची जा रही वंदे भारत पर सासाराम में करवंदिया स्टेशन के पास पत्थर फेंके गए थे। इससे पहले जनवरी महीने और पिछले साल भी वंदे भारत ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं सामने आई थीं।

Share This Article