दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, स्पाइसजेट कंपनी पर लगाए कई आरोप

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
556 Views
2 Min Read

दरभंगा एयरपोर्ट से शनिवार को 10 विमानों से 1494 यात्रियों ने आवागमन किया। मुंबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या एसजी 116 के निर्धारित समय 10.50 बजे उड़ान नहीं भरने से यात्रियों ने दरभंगा एयरपोर्ट पर करीब तीस मिनट तक हंगामा किया और विमानन कंपनी की सेवा के प्रति गहरी नाराजगी जताई।

एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को पूछताछ काउंटर पर बताया गया कि मुंबई की फ्लाइट 3.55 बजे उड़ान भर सकती है। भीषण गर्मी में प्रतीक्षारत यात्रियों खाना-पीना या वातानुकूलित प्रतीक्षालय की सुविधा नहीं दी गई। नजदीक के यात्री घर वापस लौट गए, जबकि दूरदराज के यात्री बाहर में प्रतीक्षा करते रहे।

यात्रियों ने कहा कि विलंब होने की स्थिति में दूसरी विमानन कंपनियां यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखती है। मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट एसजी 115 निर्धारित समय 10.05 से छह घंटा 29 मिनट विलंब से 4.34 में पहुंची।

मुंबई से पहुंचे दरभंगा के गौसाघाट निवासी अनिल यादव, समस्तीपुर जिला के नरमा निवासी मो. दानिश इमाम ने कहा कि स्पाइसजेट की सेवा काफी खराब है। हमेशा से स्पाइसजेट का यही हाल रहा है। अब इस कंपनी के विमान ने कभी सफर नहीं करेंगे। मुंबई एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा पहले 7.45, इसके बाद 11.50 फिर 12.45 बजे उड़ान का समय बताया गया। आखिरकार 2.30 बजे दरभंगा के लिए उड़ान भरी। इस दौरान खाने पीने का कोई प्रबंध नहीं किया गया।

Share This Article