बिहार में 9 जिलों में लू को लेकर यलो अलर्ट, 24 घंटे में 13 लोगों की मौत

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
1.4k Views
3 Min Read

बिहार में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के अधिकांश जिलों के विभिन्न जगहों का तापमान में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं होगा। बिहार में अभी तो गर्मी से राहत बिल्कुल मिलने वाली नहीं है। प्रदेश में मानसून आने में अभी समय लग सकता है। राज्य के दक्षिण-पश्चिम के कुछ स्थानों में भीषण गर्मी महसूस होगी। पटना जहानाबाद, नालंदा, गया, शेखपुरा, जमुई, सारण, सीवान और नवादा के कुछ स्थानों पर लू और हीट वेब का असर रहेगा।

दरअसल, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र फिर से कमजोर हो गया है, लिहाजा मानसून तीन से चार दिनों के लिए आगे बढ़ गया है। इससे पहले 2019 में मानसून लेट हुआ था। ऐसे में पटना समेत बिहार के करीब 20 जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के 9 जिलों में लू का लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें पटना, जहानाबाद, नालंदा, गया, शेखपुरा, जमुई, सारण, सीवान और नवादा शामिल है। इसके अलावा राज्य के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य एवं दक्षिण भाग के एक या दो स्थानों पर गर्म और आर्द्र दिन रहने की संभावना है।

बीते 24 घंटे में पटना समेत 16 जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। इनमें आठ जिलों का तापमान 45 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। 46 डिग्री तापमान के साथ बक्सर लगातार चौथे दिन भी सबसे गर्म रहा। जब तक पछुआ हवा कमजोर नहीं होगी और पुरवैया हवा नहीं चलेगी। तब तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।

वहीं, शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 8 जून को पटना का अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया था। पटना का ऑल टाइम रिकॉर्ड 9 जून 1966 को 46.6 डिग्री दर्ज किया गया था।

वहीं, 24 घंटे में गर्मी के कारण पांच जिले में 13 लोगों के मौत की सूचना है। शनिवार को औरंगाबाद में सर्वाधिक पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, सारण और गया जिले में तीन-तीन और रोहतास व भोजपुर जिले में एक-एक की मौत हुई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Share This Article