रांची | पर्यावरण दिवस के अवसर पर झारखंड में पासवा (प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन) ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह और पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे के दिशा-निर्देश में एक लाख पौधे लगाकर वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की।
राजधानी रांची समेत राज्य के सभी जिलों में स्कूली बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों ने इस महाअभियान में हिस्सा लिया। पासवा का लक्ष्य है कि राज्यभर में 50 लाख पौधे लगाए जाएं, जिससे झारखंड के पर्यावरण को नई ऊर्जा मिले।
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने अभियान का पोस्टर लॉन्च करते हुए कहा कि स्कूली बच्चों और अभिभावकों को जोड़कर पर्यावरण के प्रति जागरूकता में बड़ी वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि हर जिले के वन विभाग और अधिकारियों के सहयोग से सभी स्कूलों को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। पासवा के अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि झारखंड के 47 हजार निजी स्कूलों के बच्चे मिलकर 50 लाख पौधे लगाकर ग्लोबल वार्मिंग के खिलाफ जंग छेड़ेंगे।
पासवा के प्रदेश महासचिव नीरज सहाय ने बताया कि छोटे स्कूलों को 500-1000, मध्यम को 2000-3000 और बड़े स्कूलों को 5000 से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। सभी बच्चे अपने घरों और स्कूलों में पौधे लगाकर अभियान को सफल बनाएंगे। वहीं, महासचिव फलक फातिमा ने बताया कि #पौधालगाओपर्यावरणबचाओ हैशटैग के साथ सेल्फी अपलोड कर सोशल मीडिया के जरिए जागरूकता फैलाई जाएगी। साथ ही, स्कूलों में पेंटिंग, स्लोगन और लेखन प्रतियोगिताएं भी होंगी।
पासवा वॉलिंटियर विशाल सिंह ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि हर बच्चे को हरियाली का दूत बनाना है। 50 लाख पौधों का संकल्प झारखंड की आने वाली पीढ़ियों के लिए एक जीवनदायिनी सौगात है।