मछली पकड़ते एमएस धोनी की तस्वीर वायरल, रांची लौटे कप्तान कूल

HD News Desk
1.1k Views
3 Min Read

Ranchi|आईपीएल 2025 से चेन्नई सुपर किंग्स के बाहर होने के बाद टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर अपनी सादगी और देसी अंदाज में नजर आए हैं। आईपीएल से विदाई के बाद धोनी रांची लौट चुके हैं और अब उनके फार्महाउस से मछली पकड़ते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।

धोनी की यह तस्वीर उनके फैन पेज पर शेयर की गई है, जिसमें वे मछली पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके चेहरे पर हल्की मुस्कान और पूरे दृश्य में एक शांत, फुर्सत भरा माहौल साफ झलक रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर उनके रांची स्थित फार्महाउस की है, जहां धोनी अक्सर खेती-बाड़ी और प्रकृति के साथ समय बिताते हैं।

गौरतलब है कि आईपीएल से बाहर होने के बाद धोनी से उनके भविष्य और संभावित रिटायरमेंट को लेकर सवाल पूछे गए थे। इस पर धोनी ने बड़ी साफगोई से कहा था, “मैं रांची जाऊंगा, बाइक चलाऊंगा। मैं ये नहीं कह रहा कि रिटायर हो रहा हूं और ये भी नहीं कह रहा कि वापस आऊंगा। मेरे पास अभी काफी समय है, सोचूंगा और फिर फैसला करूंगा।”

धोनी के इस बयान के बाद फैन्स में उम्मीद जगी थी कि शायद वह एक बार फिर मैदान पर लौटें। लेकिन फिलहाल जो तस्वीर सामने आई है, उससे इतना तो तय है कि माही इस वक्त क्रिकेट से दूर प्रकृति की गोद में सुकून भरे पल बिता रहे हैं।

धोनी का यह फार्महाउस रांची के समीप करीब 44 एकड़ में फैला हुआ है। यहां वे ऑर्गेनिक खेती करते हैं और कई बार ट्रैक्टर चलाते हुए या खेतों में काम करते हुए नजर आ चुके हैं। अब मछली पकड़ते हुए उनकी यह तस्वीर उनके शांत और ग्रामीण जीवन के एक और पहलू को सामने लाती है।

सोशल मीडिया पर फैन्स इस तस्वीर को खूब पसंद कर रहे हैं। किसी ने लिखा, “माही जहां, सुकून वहां”, तो किसी ने कहा, “धोनी की यही सादगी उन्हें सबसे अलग बनाती है।”

क्रिकेट के मैदान में ठंडे दिमाग से फैसले लेने वाले ‘कैप्टन कूल’ धोनी अब खेतों और तालाबों में भी वही ठहराव और सुकून ढूंढते दिख रहे हैं। आईपीएल के बाद वे क्या फैसला करेंगे, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन फिलहाल माही रांची की मिट्टी में लौटकर पूरी तरह से सुकून में नजर आ रहे हैं।

Share This Article