रांची में 50–100 रुपये की पुड़िया में बिक रहा था गांजा, DSP की रेड में दो तस्कर गिरफ्तार

HD News Desk
802 Views
2 Min Read

रांची में नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। राजधानी रांची में ब्राउन शुगर, गांजा समेत अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी कर गांजा तस्करी का खुलासा किया है।
मधुकम इलाके में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से एक किलो से अधिक गांजा, दो लाख इकहत्तर हजार रुपये नकद और दो स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूतन लिंडा और अमन जायसवाल के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इलाके में 50 और 100 रुपये के छोटे-छोटे पैकेट बनाकर गांजा बेच रहे थे।
नशे का यह अवैध कारोबार चुपचाप चलाया जा रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से पूरा नेटवर्क सामने आ गया।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article