सम्राट चौधरी का लालू पर तंज, बोले- बिहार को विनाश…

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
489 Views
4 Min Read

पटना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय बजट में प्रदेश को मिले मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी को धन्यवाद देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने बिहार जैसे गरीब राज्य को भरपूर सहयोग देने का काम किया। केंद्र में जब भी एनडीए की सरकार रही है तब-तब बिहार को भरपूर सहयोग मिला है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर रहे बिहार जैसे राज्यों के लिए 2017 में जीएसटी की पूरी व्यवस्था कर मदद पहुंचाई गई, कल के बजट में भी बिहार जैसे आर्थिक रूप से कमजोर राज्य को बाढ़ से सुरक्षा के लिए 11,500 करोड़ रुपये दिए गए।

डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले से बिहार के लिए दो एक्सप्रेसवे सिलीगुड़ी से गोरखपुर तथा रक्सौल से हल्दिया स्वीकृत थे ही, अब तीन और एक्सप्रेसवे बिहार को दिए गए हैं। इनमे बक्सर से भागलपुर एक्सप्रेसवे भी है। उन्होंने दावा करते हुए यह सिर्फ एक्सप्रेसवे नहीं बल्कि बिहार के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इसमें गंगा, सोन, पुनपुन, किउल जैसी नदियों के पानी स्टोरेज करने की व्यवस्था होगी तथा प्लांटेशन का कॉरिडोर बनेगा। इसके अलावा बजट में बोधगया से वैशाली और पटना से पूर्णिया एक्सप्रेसवे बनेगा।

उन्होंने कहा कि 21000 करोड़ रुपये पीरपैंती में 2400 मेगावाट प्लांट के लिए दिया गया है। उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि कई अस्पताल और एयरपोर्ट भी बनाये जाने की बात कही गयी है। राज्य सरकार द्वारा भी राजगीर, डिहरी, सहरसा, बेगूसराय में एयरपोर्ट बनाये जाएंगे। आठ मेडिकल कॉलेज को भी जोड़ने का काम किया गया है।

डिप्टी सीएम ने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि काँग्रेस विकास विरोधी है। सबसे अधिक समय तक वह सत्ता में रही । अगर उसने विकास का काम किया होता तो आज दूसरी पार्टियॉं को विकास की उतनी चिंता नहीं करनी पड़ती। दुनिया में हम आगे बढ़ गए होते। आज जो हमें इकोनॉमी की चिंता करनी पड़ती है, वह नहीं करनी पड़ती। प्रधानमंत्री इसकी लगातार चिंता करते हैं। वैसे, अभी काफी काम करने है।

उन्होंने कहा कि देश के इंफ्रास्ट्रक्चर के विकसित करने के लिए 10 लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं। बिहार के सभी गरीबों को मकान मिले इसके लिए भी पहल की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री के अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी धन्यवाद देते हुए कहा कि लगातार सकारात्मक पहल कर इस देश को, प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लालू यादव विनाश के लिए जाने जाते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज विधानसभा में महत्वपूर्ण बिल बिहार लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण विधेयक पास किया गया। छात्रों का जीवन खराब नहीं हो इसके लिए कानून बन रहे थे, लेकिन महागठबन्धन के लोगों को इससे भी मतलब नहीं है। सही अर्थों में महागठबंधन छात्र विरोधी, किसान विरोधी और विकास विरोधी हैं। बिहार में अपराध का समर्थन राजद या महागठबंधन कर सकती है।

आज के इस प्रेस वार्ता में बिहार सरकार की मंत्री रेणु देवी, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता संजय मयूख, भाजपा प्रदेश के सह मीडिया प्रभारी अमित प्रकाश, सूरज पांडेय, प्रभात मलाकार ,सुमित शशांक उपस्थित रहे।

Share This Article