बिहार को विकसित बनाने की पटकथा लिखेगा बजट 2024: सम्राट चौधरी

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
677 Views
2 Min Read

पटना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय बजट का स्वागत करते हुए कहा कि ‘इस बजट में बिहार को सभी क्षेत्रों में कुछ न कुछ दिया गया है।  उन्होंने पीएम मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए कहा कि ‘एक तरह से भारत के खजाने को बिहार की तरफ खोलने का काम किया गया है, Budget 2024 बिहार को विकसित बनाने की पटकथा लिखेगा।’

बिहार के सभी क्षेत्रों को विकसित बनाने में मदद मिलेगी

सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि ‘इस बजट में तीन एक्सप्रेस-वे, पावर प्लांट, एयरपोर्ट और मेडिकल कॉलेज भी खुलेंगे, गया-नालंदा में कॉरिडोर बनेगा।  बिहार में 26 हजार करोड़ से सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। पावर प्रोजेक्ट्स के लिए 21,400 करोड़ आवंटित किए गए हैं, बिहार को बाढ़ आपदा के लिए केंद्र से 11,500 करोड रुपये आवंटित किए गए हैं।

गया जिले में इंडस्ट्रियल रीजन बनाया जाएगा। पटना से पूर्णिया और बक्सर से भागलपुर के बीच एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे। राज्य में नए मेडिकल कॉलेज भी बनाए जाएंगे। बिहार में अब सड़क, बिजली और रेलमार्ग का जाल बिछाया जाएगा। इस बजट से बिहार के विकास की गति में तेजी आएगी और बिहार के सभी क्षेत्रों को विकसित बनाने में मदद मिलेगी।

बिहार का सर्वागीण विकास होगा 

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ये भी कहा कि बिहार का कोई भी क्षेत्र हो , बाढ़ की समस्या हो, एयरपोर्ट की समस्या हो, बिजली की समस्या हो , धार्मिक स्थलों के विकास की बात हो , पर्यटको की संख्या बढ़ाने की बात हो, सभी क्षेत्र में कुछ न कुछ दिया गया है। इससे बिहार का सर्वागीण विकास होगा।

Share This Article