Bihar Politics : राहुल गांधी की बयानबाजी पर संतोष सुमन का हमला ।

HD News Desk
1.6k Views
2 Min Read

पटना, 7 जून 2025 [ प्रशांत कुमार ‘प्रणय’ ]

हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में अव्यवस्था और अराजकता पैदा करने के लिए निराधार और अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

संतोष सुमन का बयान
डॉ. संतोष सुमन ने कहा कि राहुल गांधी का मकसद दलितों और अतिपिछड़ों को भड़काना है। जातीय जनगणना के एनडीए सरकार के निर्णय का झूठा क्रेडिट लेने के लिए राहुल गांधी कई-कई झूठी कहानियां गढ़ रहे हैं। हाल ही में राहुल गांधी ने अपने एक्स पर झूठ का पहाड़ खड़ा करते हुए कहा कि ‘एक लड़की मुझसे बोली कि मैं डॉक्टर बनूंगी… मैंने (राहुल गांधी) कहा कि वो अति पिछड़े वर्ग से है, वो डॉक्टर नहीं बन पाएगी।’
राहुल गांधी के बयान की हकीकत
श्री सुमन ने कहा कि देश की लोकसभा में नेता, विरोधी दल की जिम्मेवारी निभा रहा व्यक्ति इतना गैरजिम्मेदार कैसे हो सकता है? बिना तथ्य और सत्य के वह कुछ भी अंट-शंट कैसे बोल सकता है? उन्होंने कहा कि हकीकत यह है कि एम्स दिल्ली की क्लोजिंग रैंक 2024 में जनरल के लिए 47, ओबीसी के लिए 186, एससी के लिए 647 और एसटी के लिए 1150 था। यानी 2024 में जनरल कैटेगरी के 47वीं रैंक वाले छात्र को ही एडमिशन मिला, जबकि ओबीसी 186, एससी 647 और एसटी के 1150 रैंक वाले छात्र को एडमिशन मिला।
संतोष सुमन का राहुल गांधी पर आरोप
श्री सुमन ने कहा कि फिर राहुल गांधी सरेआम कैसे कह रहे हैं कि अति पिछड़े वर्ग की लड़की देश में डॉक्टर नहीं बन सकती? क्या यह देश के ओबीसी, एससी, एसटी वर्ग के युवाओं को गुमराह करने, भड़काने की आपराधिक साजिश नहीं है? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बयानबाजी से देश में अराजकता फैलने का खतरा है और यह देश के लिए बहुत ही घातक होगा।
Share This Article