दुल्हन नाव पर सवार होकर पहुंची ससुराल, किशनगंज के पलसा घाट पर बारातियों संग उतरा दूल्हा

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
724 Views
2 Min Read

 

किशनगंज में गुरुवार को एक वीडियो सामने आया है, जिसमें नई दुल्हन नाव पर बैठकर अपने ससुराल पति संग पहुंची है। बुधवार को भारी बारिश होने के कारण पलसा घाट उफना गई थी। इस वजह से कुछ समय के लिए नदी में नाव का परिचालन भी बंद कर दिया गया था। बुधवार दोपहर नाव का फिर से परिचालन शुरू किया गया। जिसके बाद दुल्हन अपने ससुराल नाव पर सवार होकर आई।

मामला दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र के सिंघीमारी पंचायत अंर्तगत कनकई के पलसा घाट का है। ये तस्वीर बुधवार की बताई जा रही है।

मंगलवार देर शाम सिंघीमारी गांव से एक बारात नदी पार कर बलवाडांगी गांव पहुंची थी। रात में शादी की सभी रस्में पूरी हुई। इसके बाद बुधवार सुबह विदाई के समय झमाझम बारिश शुरू हो गई। सुबह से नेपाल के तराई क्षेत्रों सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी बारिश होने से कनकई नदी एक बार फिर उफना गई। इससे पलसा घाट पर नदी में नाव का परिचालन बंद करना पड़ा।

बारिश बंद होने के घंटों इंतजार के बाद दोपहर 1 बजे के करीब किसी तरह नाव का परिचालन शुरू किया गया। अन्य सवारियों और बारात के साथ नए जोड़े ने नाव पर बैठकर नदी पार कर सिंघीमारी पहुंची।

दरअसल, दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र के सिंघीमारी पंचायत अंर्तगत कनकई पर बना चचरी पुल रविवार की शाम नदी के तेज बहाव में टूटकर ध्वस्त हो गया था। पलसा घाट और सिंघीमारी क्षेत्र की लाइफ लाइन माने जानेवाले हवाकोल स्थित पलसा घाट पर बने चचरी पुल के ध्वस्त होने से यातायात बाधित हो गया है। लगभग 25 हजार की आबादी प्रभावित हुई है। इस के बाद नाव के माध्यम से आवाजाही कर रहे हैं।

Share This Article