राजगीर में एशिया हाकी कप का CM ने किया उद्घाटन, क्रिकेट स्टेडियम का भी निरीक्षण किया

HD News Desk
259 Views
3 Min Read

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नालंदा जिले के राजगीर खेल परिसर स्थित हॉकी स्टेडियम में आयोजित हीरो एशिया हॉकी कप-2025 का शुभारंभ किया।

इस मौके पर उन्होंने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

खिलाड़ियों का अभिवादन करते हुए नीतीश कुमार।
         खिलाड़ियों का अभिवादन करते हुए नीतीश कुमार।

भारत और चीन के खिलाड़ियों से मुलाकात

खचाखच भरे स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। शुभारंभ मैच से पहले उन्होंने भारत और चीन के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्द्धन किया।

इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रीय गान गाए गए। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाई।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इस तरह का आयोजन खेल को बढ़ावा देगा। इस प्रतियोगिता में भारत, जापान, चीन, मलेशिया, कज़ाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें हिस्सा ले रही हैं। कुल 24 मैच खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला 7 सितंबर को होगा।

मंत्री विजय चौधरी समेत कई अधिकारी सीएम नीतीश कुमार के साथ मौजूद रहे।
मंत्री विजय चौधरी समेत कई अधिकारी सीएम नीतीश कुमार के साथ मौजूद रहे।

क्रिकेट स्टेडियम का भी निरीक्षण किया

शुभारंभ कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने राजगीर में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखी। अधिकारियों से सुविधाओं की जानकारी ली।

नीतीश कुमार ने निर्देश दिया कि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा व सुरक्षा का पूरा ख्याल रखते हुए निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।

एशिया हाकी कप की ट्राफी
                    एशिया हाकी कप की ट्राफी।

मंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई मौजूद रहे 

कार्यक्रम में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव (खेल) डॉ. बी. राजेन्दर, बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार एवं कुमार रवि, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सभी प्रतिभागी देशों के खिलाड़ी एवं भारी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Share This Article