25 जून को काला दिन मानते हुए सम्राट चौधरी का कांग्रेस पर वार, बोले-कांग्रेसियों के फितरत में है तानाशाही

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
415 Views
2 Min Read

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कांगेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर से कांग्रेस समेत विपक्ष द्वारा ‘संविधान बदलने’ वाले झूठ के जरिए अपने ‘पापों’ को छुपाने की कोशिश की जा रही है। 25 जून, 1975 को संविधान की हत्या कर लोकतंत्र की गला घोंटने वालों का संविधान की दुहाई देना हास्यास्पद है।

सम्राट ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की नई पीढ़ी इस बात को कभी नहीं भूलेगी कि 50 साल पहले 25 जून को कांग्रेस द्वारा देश के संविधान की धज्जियां उड़ाई गई थीं। देश को जेलखाना बना दिया गया और लोकतंत्र को पूरी तरह से कुचल दिया गया था। उन्होंने कहा कि आज अपने संविधान की रक्षा करते हुए, भारत के लोकतंत्र और लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा करते हुए देशवासी इस बात का संकल्प लें कि जो 50 साल पहले किया गया, कांग्रेस फिर करने की हिम्मत नहीं करे। कांग्रेस की फितरत में ही तानाशाही है।

सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि देश की जनता को यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि 25 जून 1975 को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए देश में आपातकाल लगा दिया था। रातों-रात देशभर के विरोधी राजनेताओं को जेलों में ठूंस दिया गया था। सम्राट ने कहा कि कांग्रेस की कुकृत्य की वजह से ही 25 जून सदैव भारत के लोकतंत्र के इतिहास में ‘काला दिन’ के रूप में जाना जाएगा। संविधान और लोकतंत्र में निष्ठा रखने वाले लोगों के लिए 25 जून कभी न भूलने वाला दिन है।

Share This Article