बिहार में प्रचंड गर्मी का कहर, 13 जिलों में ऑरेंज और रेड अलर्ट

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
868 Views
2 Min Read

पटना समेत बिहार के अधिकतर जिलों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने 4 जिलों में रेड और 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बक्सर, औरंगाबाद, कैमूर और रोहतास में लू का रेड अलर्ट है। वहीं, भोजपुर, अरवल, गया, सारण, जहानाबाद, नवादा, नालंदा, सीवान और वैशाली में ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा राज्य के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व भागों के एक या दो स्थानों पर गर्म दिन रहने की संभावना है।

उत्तर-पूर्व यानी सीमांचल को छोड़कर बिहार के ज्यादातर इलाके में गुरुवार को गर्मी का सितम जारी रहा। गुरुवार को बक्सर देश में सबसे अधिक गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को यहां का पारा 44.1 डिग्री था। बक्सर का दर्ज तापमान सामान्य से 8.9 डिग्री रहा। पटना का अधिकतम तापमान में मामूली कमी हुई, जिसके बाद यहां का तापमान 41.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक रहा।

गुरुवार को पटना समेत 18 जिले लू की चपेट में रहा। इसमें छपरा, डेहरी, मोतिहारी, शेखपुरा, गोपालगंज, गया, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, सीवान, अरवल, रोहतास और मुंगेर शामिल हैं। दूसरी तरफ किशनगंज के ढेंघराघाट में सबसे अधिक 64 एमएम बारिश हुई। किशनगंज का अधिकतम तापमान सबसे कम 31 डिग्री दर्ज किया गया। पटना माैसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

Share This Article