बिहार में हीटवेव का प्रकोप जारी, 7 जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
953 Views
2 Min Read

बिहार में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। कई जिलों में भीषण लू ने लोगों की हालत खराब कर रखी है। लोग बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग आज 7 जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। जिसमें बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, सीवान और अरवल शामिल है। अब मौसम विभाग ने मानसून को लेकर नई जानकारी देते हुए बताया है कि सबसे डराने वाली बात यह है कि अभी 4 दिनों तक 12 जिलों में लू का कहर जारी रहेगा। अस्पतालों में गर्मी से बेहाल मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।

पटना, गया, सारण, रोहतास, शेखपुरा, गोपालगंज और वैशाली में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बाकी अन्य जिलों में गर्म दिन रहने वाला है। इधर, अरवल में मंगलवार को दो लोगों की हीटवेव से मौत हो गई। मृतकों में एक पूर्व शिक्षक भी शामिल है। मंगलवार को अरवल का तापमान 45 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया। उधर, बक्सर का तापमान 46 डिग्री के पार चला गया।

मौसम विज्ञान केंद्र की नई जानकारी के अनुसार मानसून को प्रदेश में आने की संभावना 15-20 जून के आसपास जताई जा रही है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार मानसून अपने निर्धारित समय से देर से आने के आसार है। पूरे प्रदेश में मानसून का प्रभाव जून के अंत होने की संभावना है। इस दौरान प्री-मानसून बारिश के साथ ही राज्य में मानसून दस्तक देगा।

मंगलवार को पटना व आसपास इलाकों का अधिकतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, 46.5 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर चौथे दिन प्रदेश में सबसे गर्म रहा। मंगलवार को कई जिलों का अधिकतम तापमान भी 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

Share This Article