आवास मंत्री माननीय नितिन नवीन ने 44 कनीय अभियंताओं नियुक्ति का आदेश किया जारी

HD News Desk
335 Views
4 Min Read

 

24 अक्टूबर को नगर विकास एवं आवास मंत्री माननीय नितिन नवीन जी द्वारा 44 कनीय अभियंताओं की नियुक्ति का आदेश जारी किया गया है। इस संबंध में उन्होंने बताया कि संविदा के आधार पर नियुक्त इन अभियंताओं का पदस्थापन राज्य के अलग-अलग नगर निकायों में किया जाना है। संविदा के आधार पर कनीय अभिंयता (जेई) की नियुक्ति के लिए विभाग ने इसी वर्ष अगस्त महीने में विज्ञापन प्रकाशित किया था। जिसके लिए विभाग को लगभग 80 आवेदन प्राप्त हुए थे। संविदा पर नियुक्त होने के लिए आवश्यक था कि अभ्यार्थी बिहार सरकार के किसी भी विभाग से सेवानिवृत्त कनीय अभियंता (असैनिक) हो। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि नगर निकायों का कार्य सुचारु रूप से चलता रहे और हमारे शहर साफ-सुथरे  रहें, इसके लिए हम किसी भी स्तर पर कर्मचारियों की कमी नहीं होने देंगे। विभाग में अलग-अलग पदों पर इंजीनियरों की बहाली की प्रक्रिया लगातार जारी है।

अगले कुछ महीने के अंदर 60 कार्यपालक अभियंता बहाल किए जाएँगे

वहीं दूसरी और विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह का कहना है  कि नगर निकायों में आधारभूत संरचना के विकास में इंजीनियरों की बड़ी भूमिका रही है और नगरोें में जिस तेजी से काम हो रहा है, उसे देखते हुए जल्द ही और इंजीनियर बहाल किए जाएँगे। विभाग में अभियंताओं की कमी को दूर करने के लिए अगले कुछ महीने के अंदर 60 कार्यपालक अभियंता भी बहाल किए जाएँगे। कार्यपालक अभियंताओं की नियुक्ति के लिए विभाग ने इसी वर्ष सितम्बर महीने में विज्ञापन जारी किया था। जिसके लिए 86 अभ्यार्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 60 कार्यपालक अभियंताओं की नियुक्ति प्रक्रियाधीन है और अगले महीने तक इनकी नियुक्ति होने की संभावना है। समय-समय पर अन्य विभागों से कार्यपालक अभियंताओं की सेवा नगर विकास, आवास विभाग को मिलती रही है, लेकिन उससे विभाग में अभियंता की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही थीं। यह पद प्रोन्नति का पद है, और इसी वर्ष मार्च में सहायक अभियंताओं की नियुक्ति हुई है जिस कारण कार्यपालक अभियंताओं की कमी महसूस की जा रही थी। विभाग में अधीक्षण अभियंता के 12 पद रिक्त हैं, जबकि मुख्य अभियंता के सात पद रिक्त हैं। इन पदों पर संविदा के आधार पर भर्ती के लिए भी विभाग की तरफ से विज्ञापन जारी किया गया था और ये नियुक्तियाँ प्रक्रियाधीन हैं।

3956 पदों की अधियाचना आयोग प्रेषित की गई है 

गौरतलब है  कि नगर विकास एवं आवास विभाग में अगले एक वर्ष में स्वीकृत विभिन्न कोटि के पदों पर नियमित नियुक्ति हेतु 3956 पदों की अधियाचना आयोग को प्रेषित की गई है, जिस पर शीघ्र ही नियमित नियुक्ति होने की संभावना है। सहायक अभियंता (असैनिक) के 168 एवं सहायक अभियंता (यांत्रिक) के 58 पदों पर नियमित नियुक्ति हो चुकी है। नगर निकायों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (Solid and wet waste Management) के उद्देश्य से 272 सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है। नगर निकायों में स्थापित नियमों एव अधिनियमों के अनुरूप निर्माण एवं नक्शा स्वीकृति तथा शहरों को सुव्यवस्थित तरीके से बसाने के उद्देश्य से 80 सहायक नगर योजना (टाउन प्लानिंग) पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है। नगर निकायों के सुचारू संचालन के उद्देश्य से 110 नगर कार्यपालक पदाधिकारी की भी नियुक्ति की गई है।

Share This Article