भारत की 8 साल बाद हीरो एशिया कप में हुई जीत, राजगीर में सफल आयोजन पर पीएम मोदी ने दी बधाई

HD News Desk
803 Views
2 Min Read
एशिया कप में भारत की हुई जीत।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कोरिया को 4-1 से हराकर हीरो एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 का खिताब अपने नाम किया। खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों ने जोरदार उत्साह दिखाया।

इस जीत के साथ भारत ने आठ साल बाद एशिया कप पर कब्जा किया और साथ ही एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 (नीदरलैंड और बेल्जियम) के लिए क्वालीफाई कर लिया।

भारत ने इससे पहले आखिरी बार 2017 में ढाका में एशिया कप जीता था। इस बार के फाइनल में दिलप्रीत सिंह (28’, 45’), सुखजीत सिंह (1’) और अमित रोहिदास (50’) ने गोल दागे। पीएम मोदी ने राजगीर में सफल आयोजन के लिए बिहार सरकार को बधाई दी है।  साथ ही बिहार  के लोगों को भी एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी है।

भारत की एशिया कप में हुई जीत।
भारत की एशिया कप में हुई जीत।

शानदार शुरुआत और दमदार प्रदर्शन
मैच की शुरुआत में ही भारत ने बढ़त बना ली। खेल के केवल 30 सेकंड बाद ही कप्तान हरमनप्रीत सिंह की पास पर सुखजीत सिंह ने टॉमहॉक शॉट से गोल दाग दिया। 28वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने दूसरा गोल कर भारत को मजबूत स्थिति में ला दिया।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने दबदबा बनाए रखा और 45वें मिनट में दिलप्रीत ने एक और गोल कर दिया। इसके बाद अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा। कोरिया ने चौथे क्वार्टर की शुरुआत में एक गोल जरूर किया, लेकिन भारतीय टीम ने मैच पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा और अंततः 4-1 से जीत हासिल की।

जीत के बाद जश्न मनाते हुए लोग।
जीत के बाद जश्न मनाते हुए लोग।

हॉकी इंडिया का बड़ा ऐलान
इस ऐतिहासिक जीत के बाद हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों को ₹3 लाख और सपोर्ट स्टाफ को ₹1.5 लाख इनाम देने की घोषणा की। इस जीत ने न सिर्फ भारत को एशियाई चैंपियन बनाया है। बल्कि, बिहार के राजगीर की धरती भी इस गौरवशाली पल की गवाह बनी।

Share This Article