केके पाठक का हुआ तबादला, अब इस IAS को मिला जिम्मा

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
763 Views
2 Min Read

बिहार सरकार ने छुट्टी पर गए शिक्षा विभाग के ACS केके पाठक का तबादला कर दिया है। केके पाठक को राजस्व और भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, केके पाठक अगले आदेश तक बिपार्ड के महानिदेशक के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। इसके अलावे 6 और आईएएस अफसरों को इधर से उधर किया गया है। इसमें दो जिलों के डीएम भी शामिल हैं। इसको लेकर गुरुवार की शाम सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।

बता दें कि केके पाठक 2 जून से 30 जून तक छुट्टी पर हैं। इसके बाद शिक्षा विभाग के ACS का प्रभार मुख्यमंत्री सचिवालय के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ को दिया गया था। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, डॉ. एस सिद्धार्थ अगले आदेश तक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक आईएएस आशुतोष कुमार वर्मा को एक बार फिर से नवादा का डीएम बनाया गया है। 2010 बैच के अधिकारी हैं। आईएएस राजकुमार को फिर से भोजपुर का डीएम बनाया गया है। राजकुमार और आशुतोष कुमार वर्मा को चुनाव आयोग के निर्देश पर लोकसभा चुनाव के दौरान हटाए गए थे।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह को ग्रामीण कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वित्त विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी को गृह विभाग के प्रधान सचिव बनाया गया है। यह अगले आदेश तक निगरानी विभाग की अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।

Share This Article