11 साल बाद नीतीश के घर मोदी रखेंगे कदम, 800 साल बाद नालंदा विश्विस्यालय का होगा उद्घाटन

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
736 Views
3 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद 10 दिनों के अंदर ही बिहार का दौरा कर रहे हैं। अभी हाल ही में G7 की बैठक में भाग लेने इटली गए थे। उससे पहले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और ओडिशा के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए हैं। वहीं, अब बिहार का पहला दौरा हो रहा है। पीएम मोदी नालंदा विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में देश-विदेश के स्टूडेंट्स को संबोधित भी करेंगे।

मगध साम्राज्य की ऐतिहासिक राजधानी नालंदा के राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय के नए भवन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जून को उद्घाटन करेंगे। प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के विध्वंस के बाद करीब 800 साल बाद केंद्र सरकार और राज्य सरकार के सहयोग से नालंदा विश्वविद्यालय का पूर्ण उत्थान किया गया।

नालंदा यूनिवर्सिटी 455 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें कुल 221 संरचनाएं हैं। तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज द्वारा 19 सितंबर 2014 को इसके निर्माण की नींव रखी गई थी। करीब 10 साल बाद इसका उद्घाटन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। नालंदा विश्वविद्यालय के कैंपस में एशिया की सबसे बड़ी लाइब्रेरी बन रही है। यह कयास लगाया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसे विश्व के सबसे बड़े लाइब्रेरी बनाने की मांग प्रधानमंत्री के समक्ष रखेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय जाने का भी कयास लगाया जा रहा है। जिसकी संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही है। राजगीर से लेकर नालंदा तक बैरिकेडिंग की जा रही है। वहीं, 250 से अधिक स्थान चिह्नित किए गए हैं। जहां सुरक्षा बलों के साथ मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी।

19 जून की सुबह वाराणसी एयरपोर्ट से सुबह 8:30 बजे प्रधानमंत्री गया एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। गया एयरपोर्ट पर आगमन सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर होगा। गया एयरपोर्ट से प्रस्थान हेलिकॉप्टर से सुबह 9 बजकर 20 मिनट राजगीर के लिए करेंगे। राजगीर हेलीपैड पर आगमन सुबह 9:50 पर होगा। हेलीपैड से विश्वविद्यालय के कार्यक्रम के लिए प्रस्थान सुबह 9:55 में करेंगे। विश्वविद्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम 10:00 बजे से 11:30 तक होगा। कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान 11:35 मिनट पर होगा। राजगीर से गया एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान सुबह 11:45 मिनट पर होगा। गया एयरपोर्ट से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर होगा।

Share This Article