किन्नरों के साथ छेड़खानी करना पुलिसकर्मियों को पड़ा महंगा, बीच सड़क पीटा; 1 आरोपी कुआं में कूदा

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
590 Views
4 Min Read

जमुई में मंगलवार की रात किन्नरों के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। ये छेड़खानी 2 पुलिस वाले किन्नरों के घर में घुस कर कर रहे थे। वहीं, दोनों आरोपी पुलिस का कहना है कि वे रास्ता भुला गए थे, इस वजह से उनके घर के पास चले गए। घटना झाझा थाना क्षेत्र के चितोचक के सुंदरनगर इलाके की है।

एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक पुलिस जवान कुएं में गिरा दिखाई दे रहा है। उसको लोगों ने गमछा के जरिए कुंआ से बाहर निकाला। इसके बाद वह पुलिसकर्मी मौके पर से भागना शुरू किया। जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़ा और एक जगह बैठा दिया। वहीं, एक और पुलिसकर्मी को लोगों ने पकड़ कर मौके पर लाया। इस दौरान घटनास्थल पर किन्नरों का जमावड़ा लग गया। किन्नरों ने दोनों जवान की पिटाई भी की।

किन्नरों ने आरोप लगाया है कि 4 दिन से ये 2 पुलिस जवान सिविल ड्रेस में हमारे घर आते हैं। हमें पैसे का लालच देकर साथ सोने के लिए कहते हैं। हमलोग लगातार 3 दिन से इन्हें वापस भेज रहे थे। लेकिन पुलिसकर्मियों का कहना था कि हम पुलिस हैं। हमसे डरो। वहीं, मंगलवार रात भी वे दोनों आए और घर में जबरदस्ती घुसने लगे। इसका जब हमने विरोध किया तो वो जबरदस्ती करने लगे। इसके बाद हमारे विरोध पर वे मौके से भागना शुरू कर दिए। अपने आप को बचाने के लिए एक पुलिसकर्मी ने कुएं में छलांग लगा दी। इसके बाद उसे कुआं से बाहर निकाल कर बंधक बना लिया।

वीडियो में ये भी दिख रहा है कि किन्नरों की चंगुल से बचने के लिए पुलिस जवान हाथ जोड़कर माफी भी मांग रहे हैं। इसके बाद किन्नर समाज ने पुलिस की हरकतों की जानकारी डायल 112 नंबर की पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों पुलिसकर्मियों को छुड़ाकर थाना ले गई। वहीं, किन्नरों ने इस मामले की जानकारी झाझा थाना पुलिस को लिखित देने की बात कही है।

एक किन्नर ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मी 4 दिन से घर के पास आकर मंडरा रहा था। आते-जाते देखते रहता था। किराए पर मकान मांग रहा था। उन लोगों ने पूछा रेट क्या है और पैसा देकर गलत काम करना चाहता था। इसके कारण उन लोगों से हाथापाई भी हुई।

वहीं, दूसरी किन्नर ने तो शराबबंदी पर ही सवाल उठा दिया है। उन्होंने कहा कि आम लोगों के लिए शराब बंद है। लेकिन पुलिस के लिए नहीं। रात में शराब पीकर आए और हमलोगों के साथ गलत करने की कोशिश की। किन्नरों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोनों पुलिस जवान को कड़ी से कड़ी सजा मिले।

वहीं, मामले में झाझा SDPO राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। इस मामले में आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस अपने स्तर से अनुसंधान कर रही है। वहीं, पुलिस सूत्रों की माने तो दोनों पुलिस के जवान पर विभागीय कार्रवाई की गई है।

Share This Article