जानें पप्पू यादव को क्यों पड़ गई अमित शाह की जरुरत?

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
820 Views
2 Min Read

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने अपनी जान को खतरा जताया है। दरअसल सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं, इसमें पप्पू यादव को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है। इतना ही नहीं धमकी देने वाला शख्स अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए भद्दी-भद्दी गालियां दे रहा है और पूर्णिया सांसद के परिवार की महिलाओं के लिए भी आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग कर रहा है। अब वीडियो सामने आने के बाद पप्पू यादव ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

15 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी और अपने परिवार के सदस्यों के लिए जान का खतरा बताया था और अपनी सुरक्षा को Y कैटेगरी से बढ़ाकर Z+ कैटेगरी में करने की मांग की थी। इससे पहले 14 जून को पूर्णिया में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पप्पू यादव ने राजद नेता तेजस्वी यादव का नाम लिए बगैर उन पर और एक पूर्व विधायक व कुछ व्यवसायियों पर निशाना साधते हुए कहा था कि ‘तेजिंदर, खगेंद्र और कुछ लोगों ने मिलकर मेरे खिलाफ साजिश रची और रंगदारी के झूठे केस में फंसाया। हालांकि मैं इससे डरने वाले नहीं हूं। सीमांचल में जमीन माफिया, अधिकारी, थाना और कुछ राजनेताओं के गठजोड़ के कारण भ्रष्टाचार फल फूल रहा है, मैं सीमांचल को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए काम करता रहूंगा।

इससे पहले रंगदारी वसूलने के मामले में पप्पू यादव पर केस दर्ज हुआ था, कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी और कुछ लोगों के खिलाफ उन्होंने मानहानि का केस दर्ज कराने की बात कही थी। लोकसभा चुनाव में पप्पू यादव ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पूर्णिया सीट से चुनाव लड़ा था और जदयू उम्मीदवार संतोष कुमार को 16 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से हराया था। इसके अलावा राजद की बीमा भारती तीसरे स्थान पर रही थीं।

Share This Article