पुष्पम प्रिया की गाड़ी और कार्यालय पर हमला, चौधरी टाइटल से नाराज व्यक्ति ने जान से मारने की दी धमकी

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
652 Views
3 Min Read

पटना में ‘द प्लुरल्स पार्टी’ के ऑफिस पर बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया था। हमला करने वाले ने पार्टी ऑफिस में तोड़-फोड़ के साथ-साथ बगल में खड़ी फॉर्च्यूनर को भी तोड़ दिया। पार्टी सदस्य ने श्री कृष्णपूरी थाना में आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाईं है। सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आदर्श कुमार चौधरी ने बताया कि प्रदेश कार्यालय (मकान संख्या 200/B) के कैंपस के अंदर घुसकर असामाजिक तत्वों ने गाली-गलौज और तोड़फोड़ की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी की फॉर्च्यूनर गाड़ी भी लगी थी। उसको भी क्षतिग्रस्त कर दिया। शीशे तोड़ दिए गए। कार्यालय में आग लगाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें एक हमलावर दिख रहा है। हालांकि, उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।

आदर्श से जब धमकी के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया कि कुछ दिन से एक धमकी भरा कॉल आ रहा था। कॉल करने वाले शख्स की परेशानी चौधरी टाइटल को लेकर थी, लेकिन जब तक स्पष्ट नहीं हो जाता तब तक कुछ कह पाना मुश्किल है। सोशल मीडिया में भी लोग पोस्ट पर कमेंट्स करते रहते हैं। हम लोग इन सब चीजों पर ध्यान नहीं देते हैं।

बताया कि कैंपस में दो गाड़ी लगी हुई थी। दोनों गाड़ी राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी की थी। हमलावर ने सीधा गेट के अंदर एंट्री की और चौधरी के गाड़ी पर हमला कर दिया। जबकि ग्राउंड फ्लोर पर गर्ल्स हॉस्टल है। बच्चियां भी रहती हैं, लेकिन उन लोगों को नुकसान पहुंचाए बिना सिर्फ पुष्पम प्रिया की गाड़ी को टारगेट किया। इस दौरान सिर्फ एक केयर टेकर मौजूद था। घटना बुधवार सुबह लगभग 8:30 बजे की है।

वहीं, कृष्णापुरी थानेदार पंकज कुमार ने बताया कि घटना के बारे में जानकारी मिली है। शिकायत पत्र में किसी का नाम नहीं दिया गया है। अज्ञात पर हमला करने का आरोप है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Share This Article