बिहार में JDU नेता के घर पर छापेमारी, गाड़ी से मिला शराब का जखीरा; अवैध राइफल और कैश भी बरामद

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
536 Views
3 Min Read

समस्तीपुर में JDU नेता संजीव कुमार सिंह के घर पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान अवैध शराब के साथ राइफल, तलवार और कैश बरामद किए हैं। पुलिस ने संजीव कुमार सिंह के घर से जदयू का बोर्ड लगा दो वाहन भी जब्त किया है। वाहन से भी शराब बरामद हुआ है।

विद्यापति नगर थाने की पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर हरपुर बोचहा गांव स्थित जदयू नेता के घर पहुंची थी। बताया गया कि छापेमारी के दौरान जदयू नेता और उसके भाई ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार भी किया है। ASP संजय पांडे ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में अभी जांच चल रही है। छापेमारी के दौरान शराब, राइफल और कुछ कैश बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि, अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जदयू किसान प्रकोष्ठ के जिला महासचिव शराब का अवैध कारोबार कर रहा है। इस सूचना पर पुलिस की टीम ने छापेमारी की। ASI रंजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने हरपुर बोचहा पंचायत निवासी पृथ्वीधर सिंह के बेटे और जदयू नेता संजीव कुमार सिंह के घर पहुंची। इस दौरान पुलिस को देखकर संजीव कुमार सिंह और उनके भाई अमित कुमार सिंह भड़क गए और पार्टी का धौंस दिखाकर बहस करने लगे। इसके साथ ही गाली-गलौज शुरू कर दी।

ASI रंजीत कुमार ने बताया कि स्थिति को देखकर भारी संख्या में पुलिस बल को बुलाई गई, जिसे देखकर सभी आरोपी अंधेरे का लाभ उठा कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के घर की गहन तलाशी ली। इस दौरान घर से 99 हजार 500 रुपए कैश, एक अवैध राइफल और तलवार बरामद किया गया। इसके अलावा आवास परिसर में खड़ी दो वाहनों की डिक्की से शराब की 96 बोतल बरामद की गई। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। इसमें एक वाहन पर प्रधान महासचिव (किसान प्रकोष्ठ) जदयू, समस्तीपुर लिखा हुआ है। पीछे पुलिस का सिंबल भी लगा है। बताया गया है कि आरोपी संजीव कुमार सिंह जनता दल यूनाइटेड किसान प्रकोष्ठ के जिला महासचिव हैं। पहले भी उनके घर से शराब बरामद की गई थी। इसमें उनके छोटे भाई अमित कुमार सिंह जेल भी गए थे।

ASP संजय पांडे ने बताया कि गुप्त सूचना पर पुलिस ने जदयू नेता के घर छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इसके साथ ही शीघ्र ही आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Share This Article