रांची और प्रमुख शहरों को मिलेगी तेज और सुगम सड़क सुविधा, मुख्यमंत्री ने तीन बड़ी परियोजनाओं को दी मंजूरी

HD News Desk
284 Views
3 Min Read

झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में यातायात व्यवस्था अब और सुगम और आधुनिक होने वाली है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को पथ निर्माण विभाग की तीन महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दे दी। इन परियोजनाओं की प्रस्तुति विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने दी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने डीपीआर जल्द पूरा कर निर्माण कार्य को तेज़ी से शुरू करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने राज्य के अन्य शहरों में भी यातायात सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

1.75 किमी की बनेगी फ्लाईओवर

मंजूर की गई पहली परियोजना अरगोड़ा चौक-कटहल मोड़-चापू टोली एलिवेटेड फ्लाईओवर की है। 1.75 किमी लंबे इस फ्लाईओवर की चौड़ाई 10 मीटर होगी तथा नीचे की सड़क 7 मीटर चौड़ी रहेगी। यहां ड्रेनेज, यूटिलिटी डक्ट, सड़क सौंदर्यीकरण, नॉइज़ बैरियर और फ्लाईओवर पर समुचित प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इससे अरगोड़ा से चापू टोली तक भारी यातायात का दबाव कम होगा।

करमटोली-मोराबादी-साइंस सिटी फ्लाईओवर

दूसरी परियोजना करमटोली-मोराबादी-साइंस सिटी फ्लाईओवर और फोर लेन सड़क की है, जिसका फ्लाईओवर 2.2 किमी लंबा होगा तथा साइंस सिटी से रिंग रोड तक 5 किमी से ज्यादा फोर लेन सड़क बनेगी। इससे राजधानी के भीड़भाड़ वाले मार्गों पर जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी और यातायात तेज होगा।

तीसरी महत्वपूर्ण परियोजना रांची रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक वैकल्पिक फोर लेन सड़क की है, जिसमें कुल 4.7 किमी सड़क और 800 मीटर एलिवेटेड रोड बनेगी। इस मार्ग पर दोनों ओर फुटपाथ व साइकिल ट्रैक बनेगा, ट्रैक के ऊपर सोलर पैनल होंगे। साथ ही बैठने की व्यवस्था, ग्रीनफील्ड कॉरिडोर जैसी सुविधाएं मिलेंगी। एयरपोर्ट जानेवालों के लिए यह मार्ग काफी सुविधाजनक रहेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जमशेदपुर, डालटनगंज सहित अन्य शहरों में भी ट्रैफिक सुधार के प्रोजेक्ट शुरू होंगे। इन योजनाओं से न सिर्फ यातायात जाम की समस्या कम होगी, बल्कि आर्थिक विकास, रोजगार और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने समयबद्ध तरीके से सभी प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन और समीक्षा के निर्देश देते हुए राज्य को विकसित बनाने पर जोर दिया।

Share This Article